रांची: भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का जज्बा रखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर है। सेना भर्ती कार्यालय, रांची ने अग्निवीर भर्ती वर्ष 2026 के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) की आधिकारिक तिथियों की घोषणा कर दी है। जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह महत्वपूर्ण परीक्षा 1 जून से 15 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन करने वाले ही होंगे शामिल
यह परीक्षा उन सभी उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जा रही है, जिन्होंने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के तहत अपना ऑनलाइन आवेदन सफलतापूर्वक जमा कर दिया है। सेना ने स्पष्ट किया है कि केवल पात्र अभ्यर्थियों को ही परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।
एडमिट कार्ड और वेबसाइट पर नजर
अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (Admit Cards) बहुत जल्द भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट ‘Join Indian Army’ पर अपलोड कर दिए जाएंगे। सेना भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से पोर्टल चेक करते रहें और एडमिट कार्ड जारी होते ही उसे डाउनलोड कर उसका प्रिंट ले लें। परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग का समय और तारीख की सटीक जानकारी एडमिट कार्ड पर ही उपलब्ध होगी।
परीक्षा केंद्र पर साथ ले जाएं ये जरूरी दस्तावेज
सफलतापूर्वक परीक्षा देने के लिए अभ्यर्थियों को अपने साथ कुछ अनिवार्य दस्तावेज ले जाने होंगे, जिनके बिना केंद्र में प्रवेश वर्जित होगा:
-
एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी।
-
मूल फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस)।
-
पासपोर्ट साइज की नवीनतम फोटो।
-
एडमिट कार्ड में दिए गए अन्य निर्देशानुसार जरूरी कागजात।
दलालों से रहें सावधान: मेरिट ही है आधार
सेना भर्ती कार्यालय ने युवाओं को एक कड़ा संदेश भी दिया है। अक्सर भर्ती के नाम पर भोले-भले युवाओं को ठगने वाले एजेंट सक्रिय हो जाते हैं। सेना ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भारतीय सेना में चयन की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और केवल मेरिट (योग्यता) पर आधारित है। किसी भी दलाल या फर्जी एजेंट के झांसे में न आएं। यदि किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी चाहिए, तो अभ्यर्थी सीधे रांची स्थित सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या JIA पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।



