Ranchi : पुंदाग ओपी क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक जमीन कारोबारी ने खुद को गोली मार ली। घायल कारोबारी की पहचान कैशर के रूप में हुई है, जो पुंदाग इलाके में जमीन खरीद-बिक्री का काम करता है। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय कैशर अपने घर में अकेले थे। अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और देखा कि वह खून से लथपथ पड़े हैं। तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई और उन्हें इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

डॉक्टरों ने बताया कि गोली उनके सिर में लगी है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। वहीं, पुंदाग ओपी प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या के प्रयास का प्रतीत हो रहा है, लेकिन फिलहाल सटीक कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल बरामद की है और परिजनों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस का मानना है कि जमीन कारोबार से जुड़े तनाव या किसी पारिवारिक विवाद के कारण कैशर ने यह कदम उठाया हो सकता है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Share.
Exit mobile version