Ranchi : झारखंड सरकार ने थैलिसिमिया से पीड़ित बच्चों के लिए एक बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान बताया कि सरकार आयुष्मान भारत योजना के तहत ऐसे बच्चों के इलाज पर 14 लाख रुपये तक का खर्च वहन करेगी। यह कदम राज्य के हजारों जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण लेकर आया है।

यह मुद्दा कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से उठाया था। जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने स्वीकार किया कि फिलहाल स्वास्थ्य विभाग के पास थैलिसिमिया और सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों का कोई स्पष्ट सर्वे डेटा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि जल्द ही राज्यव्यापी सर्वे कराया जाएगा और मरीजों के हित में सदर अस्पतालों में बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा विकसित की जाएगी।

प्रदीप यादव ने रक्तदान व्यवस्था को मजबूत करने की मांग करते हुए रक्तदाताओं के लिए आई-कार्ड और मोबाइल ऐप बनाने का सुझाव भी दिया। उन्होंने अन्य राज्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि कर्नाटक, बिहार और अरुणाचल प्रदेश में ऐसे मरीजों को 15 से 20 लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है, जबकि झारखंड में अब तक ऐसी ठोस व्यवस्था नहीं है।

विधानसभा में इस मुद्दे पर तीखी बहस भी देखने को मिली। प्रदीप यादव ने रक्तदान सुविधाओं को लेकर मंत्री के जवाब पर नाराजगी जताई, जबकि मंत्री ने एक माह के भीतर बेहतर व्यवस्था लागू करने का भरोसा दिलाया और कहा कि सरकार इस दिशा में “आउट ऑफ द वे” जाकर काम करेगी।

Share.
Exit mobile version