Bokaro news:- बोकारो विधानसभा क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बोकारो की विधायक श्वेता सिंह ने भारत सरकार के उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) के सचिव अमरदीप सिंह भाटिया, वाणिज्य विभाग के सचिव राजेश अग्रवाल तथा राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास निगम (NICDC) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजत कुमार सैनी से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर अमृतसर–कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (AKIC) के अंतर्गत बोकारो में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) के क्रियान्वयन में आ रही विभिन्न अड़चनों, प्रक्रियागत विलंब एवं समन्वय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा गया। विधायक श्वेता सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बोकारो जैसे औद्योगिक रूप से समृद्ध क्षेत्र में IMC की स्थापना से न केवल स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि झारखंड के औद्योगिक मानचित्र में बोकारो की भूमिका और भी सुदृढ़ होगी।
उल्लेखनीय है कि विधायक श्वेता सिंह द्वारा इस विषय को पूर्व में झारखंड विधानसभा सत्र के दौरान एक गैर-सरकारी संकल्प के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाया गया था। इसके परिणामस्वरूप माननीय उद्योग मंत्री, झारखंड सरकार द्वारा इस संबंध में एक उच्चस्तरीय बैठक भी बुलाई गई थी, जिसमें राज्य स्तर पर आवश्यक समन्वय एवं पहल पर विचार किया गया।
नई दिल्ली में हुई इस बैठक के दौरान केंद्रीय अधिकारियों ने बोकारो में प्रस्तावित IMC को लेकर सकारात्मक रुख दिखाते हुए यह आश्वासन दिया कि केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच समन्वय स्थापित कर सभी व्यावहारिक एवं तकनीकी अड़चनों को शीघ्र दूर करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि उनका संकल्प है कि बोकारो को केवल एक परंपरागत इस्पात नगरी तक सीमित न रखते हुए उसे आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग, निवेश और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनाया जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि यह पहल आने वाले समय में बोकारो और झारखंड के समग्र औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी।



