Chatra news: झारखंड स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी के तत्वावधान में नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदाताओं के सम्मान में रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के चिन्हित 16 समर्पित रक्तदाताओं को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर अस्पताल चतरा के उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव धर्मेंद्र पाठक ने की। उन्होंने कार्यक्रम का विषय प्रवेश कराते हुए रक्तदान के महत्व और समाज में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। वहीं कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस के कोषाध्यक्ष गोपाल कुमार वर्मा ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि रक्तदाताओं का सम्मान करना झारखंड स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी की सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजनों से रक्तदान करने वाले लोगों का मनोबल बढ़ता है और दूसरे युवा भी प्रेरित होकर रक्तदान के लिए आगे आते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है। रक्तदान करने से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं होती, बल्कि जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है। समाज के हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
इस दौरान रक्तवीर मृत्युंजय सिंह, विवेक केशरी, डॉ. पंकज कुमार, पंकज राज, चंद्रशेखर कुमार यादव, शुभम राज, मोनाल कुमार सिन्हा, प्रिंस कुमार,गोल्डन कुमार, जितेंद्र कुमार सिंह,उमेश राज, पंकज यादव,अक्षत जैन, नंदकिशोर सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में रेड क्रॉस के स्टाफ रत्नेश कुमार, विजय कुमार, रमेश कुमार, मधुलता कुमारी, तापेश्वर प्रसाद सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
