Lohardaga News:  लोहरदगा जिला इन दिनों शीतलहर और हाड़ कंपा देने वाली ठंड की चपेट में है। लगातार गिरते तापमान से आम जनजीवन प्रभावित है, वहीं गरीब, वृद्ध और असहाय वर्ग को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में कुड़ू प्रखंड के उप प्रमुख सह कांग्रेसी नेता ऐनुल अंसारी ठंड से राहत पहुंचाने के लिए आगे आए और ग्राम पंचायत चीरी में सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण कर मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की। कंबल वितरण के दौरान उप प्रमुख ऐनुल अंसारी ने कहा कि ठंड के कारण किसी भी वृद्ध, गरीब या असहाय व्यक्ति को परेशानियों से जूझना न पड़े, यही हमारा एकमात्र उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि कुड़ू प्रखंड क्षेत्र पूरी तरह से शीतलहर की चपेट में है और ऐसी स्थिति में गरीब एवं जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाना सामाजिक दायित्व है। इसी भावना के तहत कंबल वितरण कर ठंड से बचाव का प्रयास किया गया है। ऐनुल अंसारी ने आगे कहा कि जनहित के ऐसे कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र की आम जनता को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने संकल्प दोहराते हुए कहा कि अपने शेष कार्यकाल में वे जनता की उम्मीदों पर शत-प्रतिशत खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे और भविष्य में भी सेवा व सहयोग के ऐसे पुनीत कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। कंबल वितरण अभियान को लेकर ग्रामीणों में खुशी देखी गई और स्थानीय लोगों ने उप प्रमुख के इस मानवीय पहल की सराहना की।

Share.
Exit mobile version