Ranchi: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 30 जून को साहेबगंज स्थित अमर शहीद स्थल भोगनाडीह में हूल दिवस का भव्य आयोजन करेगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने 9 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया है। समिति को आयोजन की तैयारियों और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Read more: हूल दिवस पर पुलिस लाठीचार्ज से नाराज सरना समिति, सरकार पर लगाया आदिवासी विरोधी रवैये का आरोप

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू द्वारा गठित समिति में पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, अमर शहीद के वंशज मंडल मुर्मू, पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, वरिष्ठ नेता गणेश तिवारी, साहेबगंज जिला अध्यक्ष गौतम यादव, पाकुड़ जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू, महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनिता सोरेन तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनिता मुर्मू को शामिल किया गया है।

हूल दिवस के ऐतिहासिक महत्व को बताया विशेष

इस संबंध में भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि 30 जून झारखंड के इतिहास की एक महत्वपूर्ण तिथि है। संताल परगना और झारखंड की धरती क्रांतिकारियों की वीरगाथाओं से समृद्ध रही है। वर्ष 1855 में इसी दिन महानायक सिदो-कान्हो के नेतृत्व में जनजातीय समाज ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ हूल क्रांति का बिगुल फूंका था। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक आंदोलन में चांद-भैरव और फूलो-झानो ने भी अग्रणी भूमिका निभाई थी। आदिवासी समाज ने दमन और शोषण के विरुद्ध जिस संघर्ष की शुरुआत की, वह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय है।

महानायकों के योगदान को करेगी नमन भाजपा

अमर कुमार बाउरी ने कहा कि 30 जून 1855 को अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जनजातीय समाज द्वारा शुरू किया गया यह आंदोलन भारत के पहले स्वाधीनता संग्राम के रूप में भी जाना जाता है। भारतीय जनता पार्टी ऐसे सभी महानायकों के योगदान की ऋणी है और समय-समय पर उनके बलिदान एवं संघर्ष का स्मरण करती रही है। उन्होंने कहा कि हूल दिवस को व्यापक स्तर पर मनाने का निर्णय इन्हीं महान स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि का प्रतीक है। भाजपा का उद्देश्य नई पीढ़ी को हूल क्रांति के इतिहास और जनजातीय वीरों के योगदान से अवगत कराना भी है।

Read more: हूल दिवस पर किसने दी संथाल विद्रोह के वीरों को श्रद्धांजलि? जानें बड़ा बयान!

Share.
Exit mobile version