Bokaro: बोकारो जिला के बेरमो स्थित पांच नंबर धौड़ा की चार महीने की गर्भवती दलित महिला अनीता देवी की दर्दनाक हत्या के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस जघन्य हत्याकांड को लेकर न्याय की मांग के साथ आज गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, गोमिया के पूर्व विधायक लम्बोदर महतो, बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज और आजसू जिला अध्यक्ष सचिन महतो के संयुक्त नेतृत्व में एक हाई-प्रोफाइल प्रतिनिधिमंडल ने बोकारो के एसपी नाथू सिंह मीना से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल के साथ मृतका के रोते-बिलखते पति महेश भुईयां और उनके छोटे-छोटे बच्चे भी मौजूद थे। नेताओं ने एसपी को पूरे मामले की जानकारी देते हुए मुख्य आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई है।

मुलाकात के दौरान मृतका के पति महेश भुईयां ने एसपी को आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनकी पत्नी अनीता देवी घर में जलावन (खाना पकाने) के लिए कोयला चुनने गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान इलाके के कुख्यात कोयला माफिया संतोष साव के पाले हुए गुंडों ने अनीता को घेर लिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट इतनी भयानक थी कि चार महीने की गर्भवती अनीता देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। महेश ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उस घटनास्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में असामाजिक तत्व नशे की हालत में मौजूद रहते हैं और वहां से गुजरने वाली महिलाओं के साथ मारपीट व बदसलूकी की घटनाएं रोज की बात हो गई हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि पोस्टमार्टम के बाद स्थानीय स्तर पर उन पर शव का जल्द से जल्द अंतिम संस्कार करने का भारी दबाव बनाया गया, ताकि इस पूरे मामले को दबाया जा सके।

सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बोकारो एसपी ने इसकी पूरी निष्पक्ष जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) गठित करने का ठोस भरोसा दिया है। सांसद ने कहा कि इस गरीब और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता है और प्रशासन ने दोषियों के विरुद्ध बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

दूसरी तरफ, आजसू जिला अध्यक्ष सचिन महतो ने प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिले में धड़ल्ले से चल रहे अवैध कोयला कारोबार के कारण लगातार अपराध और हत्याएं हो रही हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई जैसी होनी चाहिए, वैसी नजर नहीं आ रही है। उन्होंने मांग की कि अनीता देवी हत्याकांड के मुख्य सरगना संतोष साव और इस साजिश में शामिल सभी गुंडों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज ने साफ शब्दों में कहा कि वे पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाए बिना पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और तेज जांच कर मुख्य आरोपी सहित सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है।

Share.
Exit mobile version