Jamshedpur News: बिरसा नगर थाना क्षेत्र में विश्वकर्मा इंजीनियरिंग प्रा. लि. के ऑफिस में हुई लूट की घटना का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर लिया है। पुलिस ने कांड के एक और आरोपी सूरज कांरवा को गिरफ्तार किया है। इस कांड में 10 लाख 25 हजार रुपये एवं दो मोबाइल फोन की लूट की गई थी।

घटना 10 नवंबर 2025 को हुई थी। कांड के वादी पंकज कुमार सिंह ने पुलिस को लिखित शिकायत में बताया था कि जोन नंबर-11 स्थित उनके ऑफिस में हथियार के बल पर अज्ञात अपराधियों द्वारा नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर बिरसानगर थाना कांड सं. 93/25 दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम गठित की गई। टीम ने शहरभर के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

इससे पहले पुलिस ने इस कांड में संलिप्त दो आरोपी अजीत बेहरा एवं बाबु सरदार उर्फ नेपु को गिरफ्तार कर 18 नवंबर 2025 को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। इनके पास से 1 लाख 23 हजार रुपये, एक देसी कट्टा एवं लूटे गए पैसे से खरीदा गया मोबाइल बरामद किया गया था।

तीसरे आरोपी सूरज कांरवा ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। पुलिस रिमांड में पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि अजीत बेहरा के कहने पर वह लूट में शामिल हुआ था। उसके हिस्से में मिले 1 लाख 7 हजार रुपये में से खर्च कर लिए गए पैसे के अलावा लूट की रकम से खरीदा गया Samsung Galaxy S24 Ultra मोबाइल (62 हजार रुपये मूल्य) पुलिस ने उसके घर से बरामद किया है।

इस खबर को भी पढ़ें : विश्वकर्मा इंजीनियरिंग लूटकांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार चौथे आरोपी अजय सिंह उर्फ मोटा, जो मूलरूप से हरियाणा का है और वर्तमान में सरायकेला में रहता है, की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सूरज कांरवा के खिलाफ इस कांड के अलावा कोई अन्य आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। पुलिस टीम लगातार फरार आरोपी को पकड़ने और शेष रकम एवं हथियार की बरामदगी के लिए प्रयासरत है।

Share.
Exit mobile version