Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची का जेएससीए (JSCA) ओवल ग्राउंड आज एक ऐसे ऐतिहासिक पल का गवाह बना, जिसे क्रिकेट की दुनिया सदियों तक याद रखेगी। विजय हजारे ट्रॉफी के एक मुकाबले में बिहार की टीम ने अरुणाचल प्रदेश के गेंदबाजों की ऐसी धज्जियां उड़ाईं कि स्कोरबोर्ड भी छोटा पड़ गया। बिहार ने निर्धारित 50 ओवरों में 6 विकेट खोकर 574 रन कूट डाले। यह लिस्ट-ए क्रिकेट (50 ओवर फॉर्मेट) के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।

वैभव सूर्यवंशी का ‘तूफान’: 36 गेंद में शतक और 190 रनों की पारी

मैच की शुरुआत से ही बिहार के बल्लेबाजों के इरादे साफ थे। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मैदान के चारों ओर चौकों और छक्कों की बौछार कर दी। वैभव ने महज 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी 190 रनों की पारी में 15 गगनचुंबी छक्के और 16 चौके जड़े। हालांकि, वह अपने दोहरे शतक से चूक गए, लेकिन उनकी इस पारी ने बिहार के लिए विशाल स्कोर की नींव रख दी। उनके साथ आयुष लोहारुका ने भी 56 गेंदों में 116 रनों की आतिशी पारी खेली।

कप्तान साकिबुल गनी की कप्तानी पारी; रिकॉर्ड बुक में पीछे छूटे दिग्गज

बल्लेबाजी में रही-सही कसर कप्तान साकिबुल गनी ने पूरी कर दी। गनी ने केवल 40 गेंदों का सामना किया और 12 छक्कों की मदद से नाबाद 128 रन बनाए। इस विशाल स्कोर के साथ ही बिहार ने तमिलनाडु के 506 रनों के पुराने रिकॉर्ड को चकनाचूर कर दिया। अब लिस्ट-ए क्रिकेट में बिहार नंबर-1 पर है, जबकि इंग्लैंड (498 रन) और सरे (496 रन) जैसे बड़े नाम अब काफी नीचे खिसक गए हैं।

रांची में बना ‘अजेय’ रिकॉर्ड; गेंदबाजों के लिए बना काल

बिहार के इस प्रदर्शन ने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती। पीयूष सिंह (77 रन) और मंगल महरोर के योगदान ने टीम को 574 के जादुई आंकड़े तक पहुँचाया। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि 50 ओवर के मैच में इस पहाड़ जैसे स्कोर को पार करना किसी भी टीम के लिए नामुमकिन जैसा होगा। रांची के खेल प्रेमियों के लिए यह किसी त्यौहार से कम नहीं था कि उनके शहर के मैदान पर विश्व रिकॉर्ड की पटकथा लिखी गई।

इस खबर को भी पढ़ें : पाकिस्तान से शर्मनाक हार: BCCI सख्त, कप्तान म्हात्रे और कोच की लगेगी क्लास

Share.
Exit mobile version