Jamshedpur News: सरायकेला-खरसावां पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसावां थाना क्षेत्र स्थित बंद पड़े अभिजीत प्लांट में चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस सिलेंडर और लोहे की कटाई में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 17 जून की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बुरूडीह स्थित बंद पड़े अभिजीत कारखाना परिसर में कुछ लोग गैस कटर की मदद से लोहे के ढांचे को काटकर चोरी करने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने तत्काल कारखाना परिसर में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान चोरी में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद कर लिए गए।

बरामद सामानों में दो ऑक्सीजन सिलेंडर, एक 14.4 किलोग्राम का एचपी गैस सिलेंडर, एक पांच किलोग्राम का बजाज गैस सिलेंडर, दो गैस कटर सेट, गैस पाइप, ऑक्सीजन रेगुलेटर, गैस रेगुलेटर तथा विभिन्न प्रकार के नोजल शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुरूडीह निवासी सत्यदेव महतो उर्फ राजू महतो, कोलबुरूडीह निवासी शिवचरण होनहागा, बुरुसाई निवासी नाया सुंडी, मेघलाल बिरूली, अजय हेम्ब्रम तथा देवगीरीसाई (भुरकुली) निवासी राकेश सरदार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सत्यदेव महतो उर्फ राजू महतो के खिलाफ पहले से ही खरसावां थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई के कारण प्लांट की संपत्ति को बड़े नुकसान से बचाया जा सका।

इस अभियान में खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, अवर निरीक्षक अवधेश राय, सहायक अवर निरीक्षक बाबुजी बास्के, हवलदार सुंदर कुमार बेसरा, आरक्षी सनातन महतो, सरकारी चालक आरक्षी अनिस अनवर, थाना की सैट टीम तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Exit mobile version