Ranchi : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने संयुक्त रूप से भाग लिया। पूरे मैदान में हजारों की भीड़ मौजूद रही, जिसने इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बना दिया।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कुल 8,799 करोड़ रुपये की 1,087 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं में ग्रामीण विकास, सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण, शिक्षा के विस्तार, सिंचाई, ऊर्जा, शहरी विकास और कल्याणकारी परियोजनाएं शामिल हैं। सरकार का मानना है कि ये योजनाएं आने वाले वर्षों में झारखंड की विकास गति को नई ऊंचाई देंगी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती केवल जश्न का दिन नहीं है, बल्कि उनके सपनों के झारखंड को मजबूत करने का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि आज का झारखंड, 25 वर्ष के युवा राज्य के रूप में नई ऊर्जा और नई दिशा के साथ आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास योजनाओं का लाभ हर परिवार और हर गांव तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई है। कई परियोजनाओं पर तेजी से काम होगा और इससे स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आदिवासी–जनजातीय समुदायों, महिलाओं, किसानों और गरीब परिवारों के उत्थान के लिए सरकार लगातार विशेष योजनाएं चला रही है।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदाओं और वीर शहीदों के संघर्ष से बनी है। राज्यपाल ने उम्मीद जताई कि आज शुरू की गई योजनाएं राज्य को विकास के नए मुकाम पर पहुंचाएंगी।
समारोह के दौरान बिरसा मुंडा की जयंती पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, आदिवासी नृत्य, प्रदर्शनियां और कई विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी भी मुख्य आकर्षण रहीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और राज्यभर से आए लोग मौजूद थे।



