Bettiah: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। यहां निगरानी विभाग की विशेष टीम ने अंचल कार्यालय के आरटीपीएस (RTPS) काउंटर पर तैनात एक क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। निगरानी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आरटीपीएस काउंटर पर कार्यरत इस क्लर्क का नाम राजकुमार मिश्रा है, जिसे मंगलवार को 15 हजार रुपए की घूस लेते हुए टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी क्लर्क चनपटिया थाना क्षेत्र के पकड़िहार गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
Read more: सिमडेगा पुलिस में हड़कंप: गिरदा ओपी प्रभारी पर 1 लाख घूस लेने का आरोप
जमाबंदी अनलॉक करने के नाम पर मांगी थी घूस
राजकुमार मिश्रा लंबे समय से बेतिया अंचल कार्यालय में अपनी सेवाएं दे रहा था। उस पर आरोप है कि उसने एक आवेदक बालेश्वर कुमार से उनकी जमाबंदी अनलॉक कराने के एवज में 15 हजार रुपए की अवैध मांग की थी। पीड़ित शिकायतकर्ता का कहना है कि पिछले करीब छह महीनों से काम कराने के लिए उससे लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी और उसे दौड़ाया जा रहा था। क्लर्क की इस प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार उसने इसकी लिखित शिकायत निगरानी विभाग से कर दी।
निगरानी डीएसपी बोले— भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी रहेगी जांच
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने गुप्त रूप से पूरे मामले का सत्यापन कराया, जिसमें क्लर्क पर लगे आरोप बिल्कुल सही पाए गए। इसके बाद विभाग के अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और जैसे ही पीड़ित ने क्लर्क को पैसे दिए, टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को अपने साथ लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रवाना हो गई।
Read more: नवादा में घूसखोरी पर बवाल: आधार सुधार के लिए मांगे 3 हजार, हंगामा!
मामले की जानकारी देते हुए निगरानी डीएसपी श्याम बाबू कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की गई थी और सच सामने आने पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने साफ किया कि आरोपी क्लर्क के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की सघन जांच शुरू कर दी गई है।
