गुमला:-भरनो प्रखंड के जूरा बाजार में शनिवार को सड़क सुरक्षा समिति की ओर से अवैध नशापान के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और नशे के दुष्प्रभावों को देखते हुए प्रशासन ने बाजार में अवैध रूप से बिकने वाली हड़िया–दारू पर सख्त कदम उठाया। साथ ही चखना भुनने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई की गई।
अभियान का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह, अंचलाधिकारी अविनाश कुजूर, थाना प्रभारी कंचन प्रजापति, प्रमुख पारसनाथ उरांव एवं कई जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से किया। अधिकारियों ने बाजार में शराब बेचने और पीने वालों को खदेड़ा तथा मौके पर मिली शराब की थोड़ी मात्रा को पुलिस ने नष्ट भी किया।
अधिकारियों ने शराब विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा कि सड़क किनारे और बाजारों में शराब बेचना प्रतिबंधित है। नशापान सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन चुका है, जिससे कई युवाओं की जान जा चुकी है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं से जुड़कर वैकल्पिक रोजगार शुरू करने की अपील की और भरोसा दिया कि प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा।
अभियान के दौरान कुछ शराबियों ने अधिकारियों से नोकझोंक भी की। वहीं, शराब बेचने वालों ने कहा कि यही उनके परिवार की आय का साधन है, यदि इसे बंद कराया जा रहा है तो प्रशासन को उनके लिए रोजगार की व्यवस्था भी करनी चाहिए।
पदाधिकारियों ने बताया कि साप्ताहिक बाजारों में महुआ दारू, हड़िया और अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
इस अभियान में मुखिया जयराम उरांव, पंचायत समिति सदस्य जहांगीर आलम, बिरसा उरांव, पवन भगत, रघु लोहरा, हबीबुल्ला खान समेत कई अन्य सदस्य शामिल थे।



