Giridih: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज निवासी 41 वर्षीय गुलशन कुमार दराद को सोमवार को कोयंबटूर सीआईडी (CID) की टीम ने उसके घर से धर दबोचा। गुलशन पर करीब 9600 करोड़ रुपये के एक विशाल घोटाले में शामिल होने का गंभीर आरोप है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुलशन कुमार दराद कोयंबटूर में एक टूरिज्म कंपनी का संचालन करता था। इसी साल जनवरी में उसके और उसके 5-6 अन्य सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी और अरबों के घोटाले का मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होते ही गुलशन वहां से फरार होकर अपने पैतृक गांव मिर्जागंज आ गया था। कोयंबटूर पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी थी और गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को गिरिडीह पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस खबर को भी पढ़ें : शराब घोटाले के आरोपी केडिया की ‘होशियारी’ पड़ी भारी; हाई कोर्ट ने खारिज की बेल

सीआईडी की टीम आरोपी गुलशन को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर कोयंबटूर के लिए रवाना हो गई है। दूसरी ओर, गुलशन के परिजनों ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि गुलशन सालों से पर्यटन के व्यवसाय से जुड़ा हुआ है और उसे किसी गहरी साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।

9600 करोड़ रुपये के इस कथित घोटाले के तार और कहां-कहां जुड़े हैं, इसकी जांच अब सीआईडी गहराई से कर रही है। इतनी बड़ी रकम के घोटाले में गिरिडीह के एक युवक का नाम आने से पूरे जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Share.
Exit mobile version