भास्कर एजुकेशनल एकेडमी में खेल उत्सव की धूम; नन्हे चैंपियंस ने जीते मेडल
घाघरा के भास्कर एजुकेशनल एकेडमी में वार्षिक खेल उत्सव का भव्य आयोजन। BDO दिनेश कुमार ने किया उद्घाटन, रिले रेस और हाई जंप में छात्रों ने दिखाया शानदार कौशल।
घाघरा (गुमला): भास्कर एजुकेशनल एकेडमी में वार्षिक खेल उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि घाघरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) दिनेश कुमार थे।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री दिनेश कुमार,समाजसेवी मनोज साहू, घाघरा के मुखिया श्री योगेन्द्र भगत और समाजसेवी अनिरुद्ध चौबे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा अतिथियों को शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए रिले रेस, बोरा दौड़, बिस्किट रेस, हाई जंप और लॉन्ग जंप जैसे कई रोमांचक खेलों का आयोजन हुआ। विजेताओं को अतिथियों द्वारा मेडल, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अतिथि दिनेश कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद से बच्चे मानसिक रूप से स्वस्थ और मजबूत बनते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य नीतेश रंजन भास्कर सहित सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।