रांची: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली की CBI जांच की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी शुक्रवार को रांची के सदर अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती अनशनकारी छात्र राहुल क्रांति और ब्रजकिशोर से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
मरांडी ने डॉक्टरों से दोनों छात्रों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और आंदोलन जारी रखने के लिए उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने छात्रों से कहा कि अपने अधिकारों की लड़ाई लंबी है और किसी भी हाल में अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए।
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि JSSC भर्ती प्रक्रिया में कई अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि राहुल क्रांति को अधिक अंक और हाईकोर्ट का फैसला पक्ष में होने के बावजूद नौकरी नहीं मिली। उन्होंने यह भी दावा किया कि झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणाम चरणबद्ध तरीके से जारी किए जा रहे हैं, जिससे अभ्यर्थियों में असंतोष है।
नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार से JPSC और JSSC के अध्यक्ष, सचिव और परीक्षा नियंत्रक समेत जिम्मेदार अधिकारियों को हटाने, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही उन्होंने 2019 के बाद हुई सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की CBI जांच कराने की मांग दोहराई।
इस दौरान भाजपा के प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी और रजनीश पांडेय भी मौजूद रहे।
read more ; पहले पूछा कमरा 310, फिर पीजी मैनेजर की हत्या; युवती पर भी रॉड से हमला




