फॉण्ट कनवर्टर NEW

पहले पूछा कमरा 310, फिर पीजी मैनेजर की हत्या; युवती पर भी रॉड से हमला

पुणे के हिंजवड़ी स्थित एक पीजी में लोहे की रॉड से हमला कर मैनेजर सागर गायकवाड़ की हत्या कर दी गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुणे पीजी हत्याकांड

अपनी भाषा में पढ़ें

Pune: महाराष्ट्र के पुणे के हिंजवड़ी स्थित एक पीजी में लोहे की रॉड से हमला कर सागर गायकवाड़ की हत्या कर दी गई। हमले में एक युवती भी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी दिनेश महादेव झांबरे को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस मामले को प्रेम संबंधों से जुड़ा विवाद मानकर जांच कर रही है।

कैसे हुई वारदात?

पुलिस के अनुसार, सागर गायकवाड़ पिछले चार दिनों से पीजी में मैनेजर के रूप में काम कर रहा था। बुधवार रात एक युवती एक महीने के लिए पीजी में रहने आई थी। उसने पीजी संचालक को बताया था कि सागर उसका परिचित है। इसके बाद सागर ने उसे तीसरी मंजिल के कमरा नंबर 310 में ठहराया।

आरोपी ने पीजी पहुंचकर पूछा सागर का पता

अगले दिन दोपहर दिनेश महादेव झांबरे पीजी पहुंचा और कर्मचारियों से कहा कि उसे सागर से मिलना है। कर्मचारियों ने बताया कि सागर तीसरी मंजिल पर है। इसके बाद दिनेश ऊपर पहुंच गया। कुछ देर बाद वहां से चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं।

जब लोग मौके पर पहुंचे तो सागर खून से लथपथ पड़ा था और आरोपी उस पर लोहे की रॉड से हमला कर रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती पर भी हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस को प्रेम संबंधों के विवाद का शक

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दिनेश और घायल युवती स्कूल के समय से एक-दूसरे को जानते थे और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। बाद में दोनों बीसीए की पढ़ाई के लिए पुणे आए। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान युवती की सागर गायकवाड़ से नजदीकियां बढ़ गईं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज कब्जे में, जांच जारी

पूरी वारदात पीजी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है, जबकि घायल युवती का अस्पताल में उपचार जारी है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram