चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। नियमित गश्ती के दौरान पुलिस ने माओवादी गतिविधियों में संलिप्त होने के संदेह में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से माओवादी संगठन से जुड़े पर्चे और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 दिसंबर 2025 को मनोहरपुर थाना पुलिस सशस्त्र बल के साथ क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम नंदपुर के सुरिन टोला क्षेत्र में दो संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसपी अमित रेनू को अवगत कराते हुए तत्काल कार्रवाई की। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची और वाहन से उतरी, तो दोनों संदिग्ध खेत की ओर भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर गिरफ्तार युवकों की पहचान दुर्जन जाटे उर्फ दुर्गा जाटे (29 वर्ष), पिता करम सिंह जाटे, निवासी डिम्बुली टोला, थाना मनोहरपुर तथा विमल नाग (22 वर्ष), पिता परकला नाग, निवासी रायखुड़ा, थाना गोईलकेरा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दुर्जन जाटे के पास से भाकपा (माओवादी) संगठन से संबंधित पर्चा बरामद किया गया, जबकि विमल नाग के पास से काले रंग का कीपैड मोबाइल फोन मिला।

पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि इनके माओवादी नेटवर्क से जुड़े अन्य संपर्कों का भी पता लगाया जा सके।

Share.
Exit mobile version