Lohardaga News: लोहरदगा प्रखंड क्षेत्र की एक आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि चयन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिसमें न तो स्थानीयता का पालन किया गया और न ही आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की सही जांच। इसी को लेकर पूरे गांव में आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते वर्ष 19 दिसंबर 2024 को ग्राम सभा में आंगनबाड़ी सेविका का चयन किया गया था। चयनित अभ्यर्थी के दस्तावेज़ों पर संदेह होने पर संबंधित आवेदिका द्वारा 20 दिसंबर 2024 को उपायुक्त महोदय को लिखित आवेदन देकर कागजात की जांच की मांग की गई थी। लगातार आवेदन देने के बाद जांच में कई दस्तावेज़ गलत पाए गए, जिसके बाद उस चयन को रद्द कर दिया गया।आवेदिका ने बताया कि उसके मूल दस्तावेज़ के अनुसार उसे 28 अंक प्राप्त थे, जबकि गलत कागजात पर चयनित अभ्यर्थी को 33 अंक दिखाया गया था। इसके बाद लगभग 11 महीने बाद 14 नवंबर 2025 को दोबारा चयन प्रक्रिया आयोजित की गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस बार भी चयन में ऐसे व्यक्ति को चुना गया, जिसका न तो आधार कार्ड स्थानीय है और न ही स्थानीय निवासी होने का प्रमाण। चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बाहरी लोगों को चयनित करना स्थानीय अभ्यर्थियों के साथ अन्याय है, इसलिए इस चयन को तत्काल रद्द कर निष्पक्ष तरीके से पुनः प्रक्रिया संचालित की जानी चाहिए।



