Patna: बिहार में विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। गुरुवार को जनसुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह जब अपना नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे, तो उनके साथ मोकामा विधायक अनंत सिंह के काफिले ने सभी का ध्यान खींच लिया। अनंत सिंह प्रत्याशी अनुज सिंह के साथ खुली जीप में सवार होकर निकले। चुनावी माहौल के बीच पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रहे अनंत सिंह ने दावा किया कि अनुज सिंह की जीत को लेकर उन्हें 500 प्रतिशत भरोसा है और बाकी सभी प्रतिद्वंद्वी चुनाव हारेंगे।
जनता ही मालिक, 500 परसेंट जीत का दावा
नामांकन के दौरान मीडिया से बातचीत में मोकामा विधायक ने कहा कि उनका एकमात्र मालिक और भगवान जनता है। जब जनता वोट देगी तो जीत सुनिश्चित है और उन्हें कोई हरा नहीं सकता। उन्होंने ठेठ अंदाज में कहा कि जीत कोई दुकान पर मिलने वाली चीज नहीं है जिसे खरीदकर ले आएंगे, यह जनता के भरोसे से मिलती है। जब उनसे पूछा गया कि मैदान में जदयू नेता नीरज कुमार भी ताल ठोक रहे हैं, तो उन्होंने बेबाकी से कहा कि चुनाव बहुत लोग लड़ रहे हैं, लेकिन सभी हारेंगे।
यह किसी पार्टी या चुनाव चिन्ह की लड़ाई नहीं
MLC चुनाव के गणित पर बात करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि यह चुनाव किसी राजनीतिक दल का नहीं होता और न ही इसमें कोई तय पार्टी सिंबल काम करता है। उन्होंने साफ कहा कि यहां व्यक्तिगत संबंध और जनता का भरोसा ही मायने रखता है। उनके मुताबिक, इस चुनाव में पार्टी लाइन से हटकर मतदान होता है, इसलिए वे उम्मीदवार की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।
नीरज कुमार पर साधा सीधा निशाना
बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने पूर्व मंत्री और जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार पर भी हमला बोला। उन्होंने पुरानी राजनीतिक खींचतान का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि नीरज कुमार ने पिछले चार चुनावों में लगातार उनके खिलाफ काम किया है। नामांकन के दौरान खुली जीप में अनंत सिंह की मौजूदगी और उनके बयानों से राजधानी के सियासी गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।




