Ranchi : झारखंड अकादमिक परिषद (JAC) द्वारा मैट्रिक और इंटर परीक्षा शुल्क में की गई बढ़ोतरी के विरोध में अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को परिषद कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने JAC अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सचिव जयंत कुमार मिश्रा को सौंपा और छात्रों की चिंताओं को विस्तार से रखा।

आजसू ने ज्ञापन में कहा कि परिषद की आधिकारिक वेबसाइट और विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित सूचनाओं के अनुसार वर्ष 2025–26 की परीक्षाओं के लिए शुल्क बढ़ाया गया है, जो पहले से ही छात्रवृत्ति से वंचित लाखों छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला कदम है। संगठन ने मांग की कि परीक्षा शुल्क वृद्धि को तत्काल वापस लेकर पूर्ववत शुल्क ही लागू किया जाए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

आजसू ने चेतावनी दी कि यदि शुल्क बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया गया, तो संगठन को छात्र हित में आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान सचिव जयंत कुमार मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि परिषद की आगामी बैठक में आजसू की मांग को प्रमुखता से रखा जाएगा।

इस मौके पर आजसू के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, अमन साहू, रवि रोशन, योगेश महतो, नितेश शर्मा, प्रियांशु तिवारी, मुकेश महतो सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share.
Exit mobile version