फॉण्ट कनवर्टर NEW

अधिवक्ताओं को मिली बड़ी राहत, अब मृत्यु पर मिलेंगे 2.51 लाख

Jamshedpur news: जिला बार एसोसिएशन, जमशेदपुर ने अपने नियमित नामांकित सदस्य अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के हित में कई महत्वपूर्ण कल्याणकारी फैसले लिए हैं। एसोसिएशन की हुई कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी सामने आने के बाद अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur news: जिला बार एसोसिएशन, जमशेदपुर ने अपने नियमित नामांकित सदस्य अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के हित में कई महत्वपूर्ण कल्याणकारी फैसले लिए हैं। एसोसिएशन की हुई कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी सामने आने के बाद अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। पुराना कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर खुशी जताई और बार के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

सबसे अहम फैसला नियमित नामांकित सदस्य अधिवक्ता की मृत्यु पर मिलने वाली सहायता राशि को लेकर लिया गया है। अब तक निधन होने पर बार एसोसिएशन की ओर से एक लाख रुपये की सहायता दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर दो लाख 51 हजार रुपये कर दिया गया है। नई व्यवस्था एक सितंबर 2026 से प्रभावी होगी। इसके साथ ही गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दी जाने वाली मेडिकल सहायता की सीमा भी बढ़ाई गई है। कैंसर, गंभीर लीवर रोग, हृदय रोग, किडनी ट्रांसप्लांट, हृदय प्रत्यारोपण और ऐसी गंभीर बीमारियों, जिनमें अस्पताल में भर्ती होकर ऑपरेशन अथवा विशेष उपचार की आवश्यकता होती है, के लिए अब अधिकतम दो लाख रुपये तक की मेडिकल सहायता दी जाएगी। पहले यह सीमा 50 हजार रुपये थी। सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए 50 हजार रुपये तक की सहायता पहले की तरह जारी रहेगी।

बार एसोसिएशन ने सदस्य अधिवक्ताओं के परिवारों को भी राहत देने का निर्णय लिया है। नियमित नामांकित सदस्य अधिवक्ता की बेटी के विवाह के अवसर पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं सदस्य अधिवक्ता के निधन की स्थिति में अंतिम संस्कार के लिए उनके परिवार को 20 हजार रुपये की तत्काल नकद सहायता प्रदान की जाएगी। ये दोनों व्यवस्थाएं भी एक सितंबर से लागू होंगी।

इसके अलावा नियमित नामांकित सदस्य अधिवक्ताओं के पति या पत्नी के गंभीर रूप से बीमार होने और अस्पताल में भर्ती होकर इलाज कराने की स्थिति में भी सहायता का प्रावधान किया गया है। परिस्थितियों और आवश्यकता को देखते हुए संबंधित पदाधिकारी अथवा कमेटी के निर्णय के आधार पर 25 हजार रुपये तक की मेडिकल सहायता दी जा सकेगी।

इन फैसलों को लेकर पुराना कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं ने खुशी जताई। गुरुवार को विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि उनके नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने ढोल और माला के साथ बार पदाधिकारियों का स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। विनोद कुमार मिश्रा, परमजीत श्रीवास्तव, अक्षय झा, नवीन प्रकाश, संजीव झा, केशव सिंह और रविंद्र ठाकुर समेत करीब दो सौ अधिवक्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।

अधिवक्ताओं ने जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रोटिन दास और महासचिव कुमार राजेश रंजन सहित कमेटी के सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। अधिवक्ताओं का कहना था कि बार के स्तर पर किसी बड़े निर्णय को लागू करने में अध्यक्ष, महासचिव और पूरी कमेटी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अधिवक्ता हित में लिए गए इन फैसलों को उन्होंने लंबे समय से अपेक्षित कल्याणकारी कदम बताया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram