रांची: रंगों के त्योहार होली की आहट के साथ ही बाजार में मिलावटखोरी का डर भी बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए रांची जिला प्रशासन की खाद्य सुरक्षा टीम ने मंगलवार को कड़ी कार्रवाई की है। जिला जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रांची रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित 15 प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की गई।
स्टेशन इलाके के 15 ठिकानों पर दबिश
होली के दौरान यात्रियों और आम नागरिकों को स्वच्छ भोजन मिले, इसके लिए प्रशासन ने रेलवे स्टेशन के पास के होटलों और भोजनालयों को निशाने पर लिया। जांच के दौरान कुलदीप होटल, होटल एम्बेसडर, होटल कृष्ण, लवली डेयरी और खालसा रेसिडेंसी जैसे 15 प्रतिष्ठानों के किचन और स्टोरेज की बारीकी से जांच की गई।
9 होटलों पर जुर्माना, बाकी को कड़ी चेतावनी
जांच में भारी अनियमितताएं और स्वच्छता की कमी पाए जाने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। 9 खाद्य प्रतिष्ठानों पर धारा-69 के तहत जुर्माना लगाया गया है, जबकि अन्य को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम-2006 की धारा-32 के तहत सुधारात्मक नोटिस थमाया गया है।
स्वच्छता का पाठ और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
निरीक्षण टीम ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और भोजन के सुरक्षित भंडारण में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा जांच में सुधार नहीं मिला, तो लाइसेंस रद्द करने सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहार के नाम पर यात्रियों और नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



