Adityapur: रविवार सुबह-सुबह सीता बस्ती के लोग जैसे ही उठे, एक खबर ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। रेलवे यार्ड की दीवार से सटे उस गंदे नाले में किसी का शव पड़ा है। देखते ही देखते सैकड़ों लोग वहां जमा हो गए। जब लोगों ने नजदीक जाकर देखा तो पैरों तले जमीन खिसक गई – वो शव किसी और का नहीं, मोहल्ले के ही मंगल लोहार का था।
पांच बेटियों के पिता, 5 दिन से थे गायब
मंगल लोहार की उम्र करीब 55-60 साल थी। पांच बेटियां हैं उनकी। दिहाड़ी-मजदूरी करके जैसे-तैसे घर चलाते थे। मोहल्ले वाले बताते हैं कि शराब की बुरी लत थी। घर में आए दिन झगड़ा रहता था। पिछले पांच-छह दिनों से घर नहीं आए थे। बेटियां और पत्नी परेशान थीं, थाने में गुमशुदगी भी लिखवाई थी, लेकिन कोई पता नहीं चल रहा था।
नाले में मिला शव, दुर्गंध से मचा हड़कंप
रविवार सुबह नाले में शव पड़ा देख किसी ने चिल्लाया तो लोग दौड़े आए। शव आधा पानी में डूबा था, शरीर पर कपड़े वही थे जो मंगल अक्सर पहनते थे। चेहरा भले ही सूज गया था, लेकिन पहचान हो गई। आसपास दुर्गंध फैल रही थी, लग रहा था मौत दो-तीन दिन पहले ही हो चुकी है। कोई कह रहा है गिरकर मर गए होंगे, कोई कुछ और शक कर रहा है। अभी तक कुछ साफ नहीं है।
पुलिस ने भेजा पोस्टमार्टम, इलाके में दहशत
सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकाला गया और सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के परिजन सदमे में हैं। पांच बेटियों के सामने अब जीवन का बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। फिलहाल पूरा मोहल्ला सन्नाटे में डूबा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह पता चल सकेगी।



