Jamshedpur News; जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती बिजली मांग और भीषण गर्मी के बीच निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विधायक पूर्णिमा साहू ने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे कई ट्रांसफार्मरों पर अत्यधिक भार पड़ रहा है। इसके कारण लो वोल्टेज, बार-बार बिजली बाधित होने तथा ट्रांसफार्मरों के खराब होने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।

विधायक ने बागुनहातु, साकची, छायानगर, भुइयांडीह, बाबूडीह, जोजोबेड़ा और बिरसानगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग की है। साथ ही बिरसानगर के जोन-6 स्थित मदर टेरेसा रोड, जोन-3 के मुराकाटी तथा जोन-3ए में नए ट्रांसफार्मर लगाने का भी अनुरोध किया है। पूर्णिमा साहू ने कहा कि क्षेत्रवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से मिली शिकायतों के आधार पर यह मांग उठाई गई है, ताकि लोगों को बेहतर और सुचारु बिजली आपूर्ति मिल सके।

Share.
Exit mobile version