गुमला/चैनपुर :- चैनपुर थाना क्षेत्र के केडिंगअंतर्गत हराडीपा सोना टोली निवासी एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला के साथ कथित दुष्कर्म एवं बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पीड़िता की बहन अनुग्रह सुचिता कुजूर ने गुरुवार सुबह जानकारी देते हुए बताया कि उनकी बहन मालती कुजूर (43 वर्ष) मानसिक रूप से अस्वस्थ है। नौ जून की शाम लगभग सात बजे वह घर के समीप स्थित ग्रोटो के पास बैठी हुई थी। उस समय गांव की अन्य लड़कियां भी वहां मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान केडिंग तेतर टोली निवासी अलरिक किंडो (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय देवनिस किंडो, महिला को बहला-फुसलाकर वहां से करीब एक किलोमीटर दूर सुगासरवा की ओर ले गया। जब महिला देर रात तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों की मदद से आसपास के क्षेत्रों में तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। तलाश के दौरान कुछ ग्रामीणों ने परिजनों को बताया कि उन्होंने महिला को आरोपी के साथ जाते हुए देखा था। इसके बाद जब आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने कथित रूप से कहा कि वह महिला को घर भेज चुका है। हालांकि महिला अगले दिन दस जून को स्वयं घर वापस लौटी। महिला के घर लौटने के बाद परिजन उसे लेकर चैनपुर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने चैनपुर थाना कांड संख्या 22/26, दिनांक 10 जून 2026 के तहत मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) (दुष्कर्म), धारा 137(2) (मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को अभिभावक की देखरेख से बहला-फुसलाकर ले जाना) तथा धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अलरिक किंडो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Exit mobile version