Dhanbad News: धनबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कतरास थाना अंतर्गत रामकनाली ओपी क्षेत्र में गाली-गलौज और मारपीट से आहत एक नाबालिग लड़की ने आत्मह’त्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि मृतका की मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका की मां आरती देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 1 जनवरी को उनकी बेटी के साथ बीच सड़क पर बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने बाल पकड़कर उसे घसीटा, गालियां दीं और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। इस घटना से नाबालिग मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गई थी।
आरती देवी ने बताया कि उनका पारिवारिक हालात पहले से ही बेहद खराब है। पति उन्हें छोड़कर जा चुके हैं और बेटा बाहर काम करता है। घर की जिम्मेदारी उन्हीं पर है और वे पेट्रोल पंप में काम कर किसी तरह परिवार चला रही हैं। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति उनसे फोन पर बात करता था, लेकिन पति को इसकी जानकारी मिलने पर उनके साथ मारपीट हुई। इसके बाद उन्होंने उस व्यक्ति से बातचीत बंद कर दी थी।
इस खबर को भी पढ़ें : दूल्हे की आत्मह’त्या केस ने हिलाया रांची, थाना प्रभारी- मुंशी सस्पेंड
आरोप है कि इसके बावजूद वह व्यक्ति लगातार फोन करता रहा। 1 जनवरी को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर आरती देवी और उनकी बेटी पर हमला किया। सार्वजनिक रूप से हुई इस घटना ने नाबालिग को गहरे मानसिक आघात में डाल दिया, जिसके बाद उसने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया।
घटना के बाद रामकनाली ओपी और कतरास थाना पुलिस हरकत में आई। मां की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। वहीं रामकनाली थाना प्रभारी संतोष रवि ने कहा कि पुलिस जल्द ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा, सामाजिक हिंसा और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



