फॉण्ट कनवर्टर NEW

ऑपरेशन सिंदूर के बाद रांची एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और अस्पतालों में सुरक्षा सख्त

रांची : भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव और ऑपरेशन सिंदूर के शुरू होने के बाद झारखंड सरकार ने राज्यभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। रांची, जमशेदपुर और अन्य प्रमुख जिलों में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और हर संभावित खतरे से निपटने

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव और ऑपरेशन सिंदूर के शुरू होने के बाद झारखंड सरकार ने राज्यभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। रांची, जमशेदपुर और अन्य प्रमुख जिलों में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और हर संभावित खतरे से निपटने की तैयारी कर रही हैं। राज्य पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी आपात स्थिति के लिए चौकसी बढ़ाई जाए। राजधानी रांची में सभी थानेदारों को पूरी रात गश्त पर रहने का आदेश दिया गया है। साइबर सेल को सोशल मीडिया की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी तरह की अफवाह न फैले। संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए पीसीआर और पेट्रोलिंग वाहनों को लगातार भ्रमणशील रखा गया है।

उधर, रांची एयरपोर्ट पर भी सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। विजिटर्स की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी गई है और केवल यात्रियों को प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। वहां मौजूद सुरक्षा बलों ने डॉग स्क्वॉड के साथ तलाशी अभियान शुरू किया है। हर वाहन और व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है। इसी तरह, रांची और हटिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी अलर्ट मोड पर हैं। यात्रियों के सामान की जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

राज्य के प्रमुख अस्पताल रिम्स ने भी इमरजेंसी की स्थिति से निपटने के लिए कमर कस ली है। निदेशक डॉ. राजकुमार ने बताया कि 50 ऑक्सीजन बेड रिजर्व किए गए हैं और जरूरत पड़ने पर 50 और बेड जोड़े जाएंगे। 50 स्टाफ नर्स और 50 पैरामेडिकल स्टाफ को भी तैनात कर दिया गया है। अस्पताल में जरूरी दवाएं, उपकरण और ट्रॉली-व्हीलचेयर रिजर्व रखी गई हैं। एक विशेष मेडिकल टीम का भी गठन किया गया है जो किसी भी परिस्थिति में तत्काल सेवाएं दे सके।

ऊर्जा विभाग ने भी बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मॉक ड्रिल शुरू कर दी है। स्मार्ट सिटी के लिए GIS सबस्टेशन तैयार रखा गया है जो इमरजेंसी में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। झारखंड सरकार और प्रशासन की अपील है कि नागरिक संयम बरतें, अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करें।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram