रांची: इंटरमीडिएट द्विवर्षीय व्यावसायिक शिक्षा परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन के लिए एक महत्वपूर्ण और उपयोगी सूचना है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने सत्र 2025–27 के पंजीयन और परीक्षा आवेदन प्रपत्र भरने से जुड़ी विस्तृत प्रक्रिया एवं समय-सारणी जारी कर दी है। परिषद के सचिव की ओर से अध्यक्ष के आदेशानुसार जारी सूचना के अनुसार, सभी आवश्यक प्रपत्र 1 दिसंबर 2026 से परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in के एग्जाम फॉर्म सेक्शन में उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इससे संबंधित प्लस टू विद्यालयों और छात्रों को अपनी आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी व औपचारिकताओं को समय पर पूरा करने का स्पष्ट मार्ग मिल गया है।
विद्यालयों के माध्यम से प्रपत्र वितरण और जमा करने की व्यवस्था
जारी दिशा-निर्देशों के तहत संबंधित प्लस टू विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया गया है कि वे वेबसाइट से पंजीयन और परीक्षा आवेदन प्रपत्र डाउनलोड कर छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराएं। विधिवत भरे गए आवेदन प्रपत्र निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित क्षेत्रीय व प्रमंडलीय कार्यालयों में जमा करना अनिवार्य होगा। रांची स्थित परिषद कार्यालय के साथ-साथ संथाल परगना प्रमंडल के लिए क्षेत्रीय कार्यालय दुमका और पलामू प्रमंडल के लिए प्रमंडलीय कार्यालय मेदिनीनगर में प्रपत्र जमा करने की सुविधा दी गई है। साथ ही, डाक के माध्यम से भेजा गया आवेदन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पंजीयन और परीक्षा फॉर्म भरने की निर्धारित तिथियां
सभी प्रमंडलों के लिए पंजीयन आवेदन प्रपत्र तथा परीक्षा आवेदन प्रपत्र जमा करने की समय-सारणी एक समान तय की गई है। बिना विलंब शुल्क के प्रपत्र जमा करने की अवधि 1 दिसंबर 2026 से 10 दिसंबर 2026 को संध्या 5 बजे तक निर्धारित की गई है। वहीं, विलंब शुल्क के साथ आवेदन जमा करने का अवसर 11 दिसंबर 2026 से 15 दिसंबर 2026 को संध्या 5 बजे तक प्रदान किया गया है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद किसी भी अवस्था में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
शुल्क संरचना, वर्गवार छूट और भुगतान के नियम
परिषद द्वारा पंजीयन और परीक्षा आवेदन दोनों के लिए अलग-अलग मदवार शुल्क निर्धारित किए गए हैं। पंजीयन के लिए सामान्य मदों में पंजीयन शुल्क 250 रुपये, ओडीपीपीएम (ODPPM) शुल्क 120 रुपये और आव्रजन शुल्क 250 रुपये तय है, जबकि विलंब की स्थिति में पंजीयन विलंब शुल्क 500 रुपये तथा आव्रजन विलंब शुल्क 500 रुपये देय होगा।
वहीं परीक्षा आवेदन के लिए परीक्षा शुल्क 250 रुपये, अंक पत्रक शुल्क 120 रुपये, विविध शुल्क (प्रशासनिक) 300 रुपये, ओडीपीपीएम शुल्क 120 रुपये, औपबंधिक प्रमाण पत्र शुल्क 120 रुपये, प्रवजन प्रमाण पत्र शुल्क 120 रुपये, विविध शुल्क 100 रुपये, व्यावसायिक प्रायोगिक शुल्क 400 रुपये और मूल प्रमाण पत्र शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि परीक्षा विलंब शुल्क 500 रुपये रखा गया है। हालांकि, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के नियमित छात्रों को परीक्षा शुल्क में छूट दी गई है तथा सभी कोटि की नियमित छात्राओं के लिए पंजीयन एवं परीक्षा शुल्क देय नहीं होगा। सभी निर्धारित शुल्क बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से ‘JAC FUND’ के पक्ष में रांची, दुमका या डाल्टेनगंज में भुगतेय होंगे, जबकि नकद भुगतान पूरी तरह वर्जित रहेगा।
अनिवार्य दस्तावेज और शिक्षक प्रमाणीकरण की शर्त
आवेदन प्रक्रिया को पूर्ण और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रपत्रों के साथ सत्र की नामांकन पंजी की प्रतिहस्ताक्षरित अथवा सत्यापित प्रति संलग्न करना अनिवार्य किया गया है। इसके अतिरिक्त व्यावसायिक विषयों सहित हिंदी, फाउंडेशन और रिलेटेड विषयों के लिए अधिकृत शिक्षकों की सूची जो पोर्टल पर उपलब्ध है जिला शिक्षा पदाधिकारी से अग्रसारण सहित पंजीयन व परीक्षा आवेदन प्रपत्र के साथ जमा करना सुनिश्चित करना होगा। समयबद्ध और व्यवस्थित प्रक्रिया से विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र सुचारू रूप से आगे बढ़ सकेगा।
Trusted Source on
संबंधित खबरें
- झारखंड CM हेमंत को सहियाओं ने दिखाया डिजिटल हुनर, आठ रजिस्टरों का हिसाब अब एक क्लिक पर
- झारखंड NHM ने झारखंड के हेल्थ सिस्टम को बनाया स्मार्ट, डिजिटल पहल देख CM ने सराहा
- #ट्रेंडिंग गेतलसूद डैम की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर पहल, वाहनों की आवाजाही पर रोक
- #ट्रेंडिंग झारखंड की प्राचीन पैटकर चित्रकला को मिलेगा नया जीवन, शोध और बाजार जुड़ाव से संवरेगी विरासत










