चैनपुर (गुमला): ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सीएचओ, सहिया साथी, सहिया एवं एएनएम के लिए कैप्सूल कोर्स के बैच-वन का ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में स्वास्थ्यकर्मियों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
प्रशिक्षण के दौरान सभी स्वास्थ्यकर्मियों को एक स्थान पर एकत्रित कर प्रोजेक्टर के माध्यम से ऑनलाइन प्रशिक्षण दिखाया गया। वहीं, अपने मोबाइल फोन पर प्रशिक्षण देखने के इच्छुक स्वास्थ्यकर्मियों के लिए यूट्यूब लाइव का लिंक भी उपलब्ध कराया गया, ताकि वे सुविधानुसार प्रशिक्षण में शामिल हो सकें।
यह भी पढ़ें: CM हेमंत को सहियाओं ने दिखाया डिजिटल हुनर, आठ रजिस्टरों का हिसाब अब एक क्लिक पर
इस प्रशिक्षण में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षित मातृत्व, संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े दस महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें समग्र शिशु बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (SSBSK), एनीमिया मुक्त भारत अभियान (AMBA), संशोधित सामुदायिक आधारित आकलन चेकलिस्ट (CBAC), सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (SUMAN), ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति प्लस (VHSNC+), ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHSND), जन आरोग्य समिति (JAS), क्षय रोग (टीबी), डिजिटल एवं सूचना प्रौद्योगिकी आधारित हस्तक्षेप तथा वेक्टर जनित रोग (VBD) शामिल रहे।
प्रशिक्षण के दौरान सीएचओ रीना जसिता तिग्गा, नीलिमा टोपनो, निर्मल टोप्पो एवं आरती तारा लकड़ा के अलावा बीटीटी जीवन्ति कुमारी और जयमनि तिर्की सहित कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों को विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की बेहतर समझ देना और उन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सक्षम बनाना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं आम लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: NHM ने झारखंड के हेल्थ सिस्टम को बनाया स्मार्ट, डिजिटल पहल देख CM ने सराहा
संबंधित खबरें
- झारखंड CM हेमंत को सहियाओं ने दिखाया डिजिटल हुनर, आठ रजिस्टरों का हिसाब अब एक क्लिक पर
- झारखंड NHM ने झारखंड के हेल्थ सिस्टम को बनाया स्मार्ट, डिजिटल पहल देख CM ने सराहा
- #ट्रेंडिंग गेतलसूद डैम की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर पहल, वाहनों की आवाजाही पर रोक
- #ट्रेंडिंग झारखंड की प्राचीन पैटकर चित्रकला को मिलेगा नया जीवन, शोध और बाजार जुड़ाव से संवरेगी विरासत










