रांची: हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में शनिवार को बारस के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 5:30 बजे मंगला आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद बाबा का बारस श्रृंगार और श्रृंगार आरती की गई। भक्तों ने बाबा श्री श्याम की अखंड ज्योति प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की और खीर-चूरमे का भोग लगाया।
राजेश शर्मा, सीमा शर्मा, अविरल शर्मा, वृंदा शर्मा और दिया शर्मा ने अखंड ज्योति प्रज्वलित की। इसके बाद भक्तों ने बाबा को धोक लगाई और पंचमेवा, घी, गट सहित अन्य सामग्री ज्योति में अर्पित की। भक्तों ने बाबा के दरबार में अपनी मनोकामनाएं भी रखीं।
बरियातू से 201 निशान लेकर पहुंचे भक्त
श्री श्याम प्रेमी परिवार की ओर से बरियातू से 201 निशान ध्वजाओं के साथ यात्रा निकाली गई। भक्त नाचते-गाते हुए हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर पहुंचे और बाबा के चरणों में निशान अर्पित किए। यह यात्रा मंडल के पूर्व अध्यक्ष पवन गोयनका के सानिध्य में संपन्न हुई।
मंदिर में 223वां श्याम भंडारा आयोजित
श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से मंदिर परिसर में 223वें श्री श्याम भंडारे का आयोजन किया गया। यजमान परिवार के सदस्यों ने बाबा को भोग लगाया। इसके बाद भजन-कीर्तन हुआ। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी ने यजमान परिवार और उनके मित्रों के साथ बाबा के भोग का भजन गाया। इस दौरान ‘आओ आओ भोग लगाओ बाबा श्याम जी’ भजन से मंदिर परिसर गूंज उठा।
लिट्टी-चोखा, दाल, चूरमा और खीर का लगा भोग
भंडारे में बाबा को लिट्टी-चोखा, दाल, चूरमा और खीर का भोग लगाया गया। इसके बाद भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। मंदिर के आचार्यों को भी भोजन प्रसादी कराई गई।
भंडारे का प्रसाद हर शनिवार को गौशाला में गायों के लिए भेजा जाता है। इस बार प्रसाद बरियातू स्थित वृद्धाश्रम में भी भेजा गया।
50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने किया सहयोग
कार्यक्रम में मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, महामंत्री गौरव अग्रवाल, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू सहित मंडल के कई पदाधिकारी, सदस्य और भक्त मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।
कार्यक्रम की जानकारी मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दी।




