फॉण्ट कनवर्टर NEW

अकवान तूफान के कोहरे ने थामी रांची की उड़ानों की रफ्तार, 14 फ्लाइट्स रद्द

दिल्ली-कोलकाता जाने वाले यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, एयर इंडिया एक्सप्रेस की सेवाएं भी प्रभावित

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: अकवान तूफान के असर से झारखंड का मौसम तेजी से बदल रहा है। धुंध और घने कोहरे ने जहां आम जनजीवन की रफ्तार धीमी की है, वहीं हवाई सेवाओं पर भी इसका सीधा असर पड़ा है। खराब मौसम और कम दृश्यता के चलते शनिवार, 21 नवंबर को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से आने-जाने वाली 14 उड़ानें रद्द कर दी गईं। अचानक उड़ानों के थम जाने से हवाई अड्डे पहुंचे यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

किन-किन शहरों की उड़ानें हुईं रद्द

रांची एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों की सुरक्षा और खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए उड़ानों का परिचालन रद्द करने का फैसला लिया। सबसे अधिक असर दिल्ली और कोलकाता रूट पर देखने को मिला। रद्द की गई उड़ानों में दिल्ली के लिए चार और कोलकाता के लिए दो उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा हैदराबाद, पटना, मुंबई, भुवनेश्वर, चेन्नई, अहमदाबाद, पुणे और बेंगलुरु के लिए एक-एक उड़ान रद्द करनी पड़ी।
प्रबंधन के अनुसार, रद्द उड़ानों में दिल्ली की फ्लाइट संख्या 2038, 2219, 2286 और 6274 शामिल हैं। वहीं कोलकाता रूट की फ्लाइट 7466 और 7468 भी नहीं उड़ सकीं। इनके साथ हैदराबाद की 398, पटना की 925, मुंबई की 6088, भुवनेश्वर की 7726, चेन्नई की 209, अहमदाबाद की 6654, पुणे की 761 और बेंगलुरु की 6799 नंबर की उड़ानें रद्द रहीं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस की सेवाएं भी प्रभावित

खराब मौसम की मार एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों पर भी पड़ी और कंपनी की छह जोड़ी उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें बेंगलुरु-रांची-बेंगलुरु रूट की आईएक्स-2464/2465, आईएक्स-2053/2176 और आईएक्स-1016/1530 शामिल हैं। इसके साथ ही दिल्ली-रांची-दिल्ली रूट की आईएक्स-2764/1097 और आईएक्स-1068/1069 तथा मुंबई-रांची-मुंबई रूट की आईएक्स-1237/1238 उड़ानें भी रद्द की गईं।

यात्रियों की बढ़ी परेशानी, बदलनी पड़ी योजनाएं

उड़ानों के रद्द होने की खबर मिलते ही कई यात्रियों को अपने जरूरी काम और यात्रा की योजनाओं में फेरबदल करना पड़ा। एयरपोर्ट टर्मिनल पर बड़ी संख्या में यात्रियों को ताजा अपडेट और वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी के लिए इंतजार करते देखा गया। मौसम के तेवर देखते हुए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram