फॉण्ट कनवर्टर NEW

नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, सफाई, सौंदर्गीकरण और अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश

हरमू नदी के जीर्णोद्धार की कवायद तेज: हाई मास्ट लाइट, हरियाली और मशीनों से सफाई पर नगर आयुक्त का जोर

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: शहर के पर्यावरण को बचाने, नदी को साफ-सुथरा रखने और लोगों को बेहतर सार्वजनिक जगह देने के मकसद से रांची नगर निगम ने हरमू नदी तट के कायाकल्प की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी सिलसिले में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ वार्ड संख्या 23 अंतर्गत कडरू मार्ग से लाला लाजपत राय स्कूल के आगे स्थित हरमू नदी तट का जायजा लिया। दौरे के दौरान उन्होंने सौंदर्गीकरण की रफ्तार, पानी के बहाव, कचरे से पैदा हो रही दिक्कतों, अतिक्रमण और आसपास की सुविधाओं को बारीकी से देखा।

सफाई, हरियाली और सुरक्षा के इंतजाम

अभियंत्रण शाखा ने बताया कि नदी किनारे बोल्डर ब्लॉक लगाकर पेंटिंग करने और पुल के दोनों तरफ जाली लगाने का काम चल रहा है, जिससे नदी में कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने पर रोक लगेगी। नगर आयुक्त ने कहा कि सभी काम तय समय में और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे हों ताकि यह इलाका साफ, सुरक्षित और आकर्षक दिख सके।
नदी की सफाई को प्राथमिकता देते हुए नगर आयुक्त ने DAY-NULM टीम को मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत और श्रमिक लगाने का निर्देश दिया। फिलहाल 20 श्रमिकों के साथ दो पोकलेन और एक ड्रेन मास्टर मशीन से नदी की सफाई जारी है। कचरा हटाने और पानी का रास्ता साफ करने के साथ-साथ पौधारोपण व ग्रीन पैच वर्क करने को भी कहा गया है।

अतिक्रमण पर कार्रवाई और रोशनी की व्यवस्था

नदी तट को अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए नगर आयुक्त ने इनफोर्समेंट शाखा को अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाने और नियमानुसार कार्रवाई करने का आदेश दिया। वहीं, रात में बेहतर रोशनी के लिए विद्युत शाखा को हाई मास्ट लाइट लगाने को कहा गया है।
नगर आयुक्त ने जोर दिया कि हरमू नदी शहर के पर्यावरण और लोगों के जीवन से जुड़ा अहम प्राकृतिक संसाधन है। सभी शाखाओं को तालमेल से काम कर इसे स्वच्छ व सुव्यवस्थित बनाने तथा आगे व्यापक जीर्णोद्धार योजना को बढ़ाने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण में वार्ड पार्षदगण व निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram