Dehradun: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के नए बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘तेजस’ के आगमन से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण और अधिक बढ़ेगा तथा यहां आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को वन्यजीवों के दीदार का एक नया और रोमांचक अनुभव प्राप्त होगा।
उत्तराखंड में पहली बार लाया गया है सफेद बाघ
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां प्रतिवर्ष लगभग 8.50 लाख पर्यटक भ्रमण के लिए आते हैं, जिससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त होती है। अब सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की प्रबल संभावना है। उन्होंने जानकारी दी कि उत्तराखंड में इस प्रकार का सफेद बाघ पहली बार लाया गया है। इससे पूर्व भी चिड़ियाघर में अन्य प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे, जिनके कारण सैलानियों का उत्साह और आकर्षण काफी बढ़ा है।
कॉलेज विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क प्रवेश की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र ही नहीं, बल्कि वन्यजीवों एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता तथा पारिस्थितिकी तंत्र को करीब से समझने का अवसर मिलता है। पूर्व में स्कूली बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसका बेहद सकारात्मक परिणाम सामने आया है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने घोषणा की कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस व्यवस्था से युवाओं को वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा।
पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था में संतुलन जरूरी
सीएम धामी ने आगे कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है और प्रदेश को प्रतिवर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के सर्वाधिक वन क्षेत्र वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है और राज्य की समृद्ध वन संपदा तथा जैव विविधता हमारी महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।





