Patna: बिहार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के श्रवण कुमार ने कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन गंगा महासेतु का नामकरण बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ किए जाने पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की है। इस महत्वपूर्ण निर्णय को लेकर उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया है।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी का 21 नवंबर को बिहार आगमन हो रहा है। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल, जिसका नामकरण राज्य सरकार द्वारा ‘नीतीश सेतु’ किया गया है, राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इसके साथ ही माननीय प्रधानमंत्री जी राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनोपयोगी एवं विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) November 13, 2026
ऐतिहासिक योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व का सम्मान
मंत्री श्रवण कुमार ने अपने बयान में कहा कि ‘नीतीश सेतु’ का यह नामकरण नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व, विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और बिहार के नवनिर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान का वास्तविक सम्मान है। यह महासेतु एनडीए गठबंधन की विकासवादी सोच, मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और ‘सुशासन के साथ विकास’ के संकल्प का एक जीवंत प्रतीक है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 9.76 किलोमीटर लंबे मुख्य पुल और एप्रोच रोड सहित करीब 19.76 किलोमीटर लंबी इस विशाल परियोजना का निर्माण लगभग पांच हजार करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। तकनीकी रूप से इस पुल के स्तंभों के बीच पर्याप्त दूरी रखी गई है, जिससे मां गंगा की पवित्रता और प्राकृतिक प्रवाह बरकरार रहे तथा स्टीमर समेत जल परिवहन के अन्य साधन भी निर्बाध रूप से चालू रह सकें।
दियारा क्षेत्र के लोगों के दशकों पुराने दर्द का अंत
नीतीश कुमार ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय था जब गंगा के इस पार और उस पार जाने के लिए नाव ही एकमात्र सहारा हुआ करती थी। राघोपुर दियारा और उसके आसपास के इलाकों के लोगों को हर साल बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, और कई बार नाव दुर्घटनाएं भी होती थीं। अब ‘नीतीश सेतु’ के अस्तित्व में आने से इन क्षेत्रों के लाखों लोगों का वर्षों पुराना दर्द दूर हो जाएगा और वे पूरे साल देश और राज्य की मुख्यधारा से जुड़े रहेंगे।
मंत्री ने कहा कि इस पुल के शुरू होने से अब इस क्षेत्र की बेटियां साइकिल से आसानी से पटना पहुंचकर शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों का लाभ उठा सकेंगी। इसके अलावा विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और व्यापारियों को आवागमन में भारी सहूलियत मिलेगी, जिससे शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का भी अभूतपूर्व विस्तार होगा।
अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार और घटेगा गांधी सेतु का दबाव
महासेतु के फायदों पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि इसके चालू होने से महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा। साथ ही पटना, वैशाली, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा समेत उत्तर बिहार के तमाम क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहद मजबूत होगी। इससे किसानों को अपने कृषि उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने, व्यापार को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में जबरदस्त मदद मिलेगी। अंत में उन्होंने कहा कि यह सेतु केवल कंक्रीट का पुल नहीं, बल्कि बिहार की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाला एक मजबूत विश्वास है, जिसे आने वाली पीढ़ियां हमेशा याद रखेंगी।









