फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement

Advertisement

झांसा देकर जंगल में ले गया जान-पहचान का युवक, मासूम से की दरिंदगी, गिरफ्तार

तमाड़ दुष्कर्म कांड का खुलासा: चावल का आटा लाने के बहाने नाबालिग को सुनसान जंगल में ले जाकर की हैवानियत, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: राजधानी के ग्रामीण इलाके तमाड़ से रिश्तों और भरोसे को तार-तार कर देने वाली एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक परिचित युवक ने ही मिठाई बनाने का झांसा देकर एक नाबालिग मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाया। हालांकि, रांची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

मिठाई बनाने के बहाने ले गया सुनसान जंगल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना 9 नवंबर 2026 की शाम करीब छह बजे की है। तमाड़ थाना क्षेत्र के तामराना गांव निवासी आरोपी लखविन्द्र मुण्डा (पिता- लखीराम मुण्डा) पीड़िता और उसके परिवार का पूर्व परिचित था। घटना के दिन आरोपी ने मासूम बच्ची को यह कहकर अपने साथ लिया कि घर में मिठाई बनानी है और इसके लिए मिल से चावल का आटा पिसवाकर लाना है। मासूम उसके झांसे में आ गई, लेकिन आरोपी उसे मिल ले जाने के बजाय गांव के ही सुनसान जंगल की ओर ले गया, जहां उसने बच्ची के साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

मां की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता की मां ने तत्काल तमाड़ थाने पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए कांड संख्या 73/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 5/6 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम, जुर्म कबूला

मासूम से हुई दरिंदगी की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने मामले के शीघ्र उद्भेदन के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन तथा बुंडू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालते हुए तामराना गांव से ही मुख्य आरोपी लखविन्द्र मुण्डा को धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है।

अहम सबूत जब्त, पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के वक्त पहनी गई मिट्टी लगी शर्ट और अन्य कपड़े बतौर साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। इस त्वरित कार्रवाई में बुंडू एसडीपीओ, तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो, पुलिस अवर निरीक्षक शम्भू पंडित, प्रेम सागर सिंह, सहायक अवर निरीक्षक जयराम सिंह, सिरिल सांगा और तमाड़ थाना के सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही।
Advertisement

Advertisement
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram