फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement

Advertisement

विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर आरोप, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

पढ़ाई का झांसा देकर विधायक आवास लाई गई 14 वर्षीय किशोरी से दरिंदगी, पीड़िता ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: झारखंड की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर एक 14 वर्षीय नाबालिग आदिवासी किशोरी ने दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने जैसे बेहद गंभीर आरोप लगाए। सिमडेगा के पाकरटांड़ थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने शुक्रवार 13 नवंबर 2026 को रांची के विधानसभा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

पढ़ाई के नाम पर लाकर कराया जाता था घरेलू काम

पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने आवेदन में बताया कि उसके पिता का निधन हो चुका है और बचपन में ही मां ने भी साथ छोड़ दिया था। मई 2026 में एमा बाड़ा और जोसीमा खाखा नामक दो महिलाएं उसके घर आईं और अच्छी पढ़ाई-लिखाई व स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर उसे अपने साथ सिमडेगा विधायक आवास ले गईं। लेकिन उसी रात उसे रांची स्थित विधायक भूषण बाड़ा के सरकारी आवास (आवास संख्या-12) लाकर घरेलू कामकाज में लगा दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि जब भी वह स्कूल में एडमिशन की बात करती, तो उसे टाल दिया जाता और काम में जरा भी देरी होने पर मारपीट व गाली-गलौज की जाती थी।

5 अगस्त की दोपहर आवास पर हुई दरिंदगी

शिकायत के मुताबिक, 5 अगस्त 2026 की दोपहर जब विधायक भूषण बाड़ा किसी बैठक से लौटकर रांची स्थित आवास पहुंचे, तो पीड़िता पानी लेकर ऊपर गई। आरोप है कि इसी दौरान विधायक ने जूता खोलने के बहाने उसे पास बुलाया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगे। जब किशोरी ने शोर मचाया तो उसका मुंह दबाकर मारपीट की गई और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद उसे धमकाया गया कि अगर किसी को कुछ बताया तो जान से मारकर फेंक दिया जाएगा।

गर्भपात के बाद सामने आई सच्चाई

डरी-सहमी किशोरी अगले ही दिन धान रोपने का बहाना बनाकर अपने गांव लौट गई, जहां महीनों काम करने के बदले उसे महज तीन हजार रुपये दिए गए। बाद में सितंबर में वह अपनी मुंहबोली दीदी के पास चली गई, जहां मासिक धर्म रुकने पर उसके गर्भवती होने का पता चला। आर्थिक तंगी और उचित खान-पान के अभाव में 22 अक्टूबर को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। डॉक्टर को दिखाने पर गर्भपात होने की पुष्टि हुई।

विधायक ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश

पीड़िता ने अपनी जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। रांची पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा है। वहीं, दूसरी ओर विधायक भूषण बाड़ा और उनकी पत्नी जोसीमा खाखा ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक विरोधियों द्वारा छवि धूमिल करने की एक सोची-समझी साजिश करार दिया है।
Advertisement

Advertisement
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram