श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर समिति सक्रिय, पिठौरिया थाना प्रभारी ने घाट का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पिठौरिया (रांची)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पिठौरिया के नया तालाब घाट पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नव युवा जागृति क्लब छठ पूजा समिति की ओर से घाट एवं तालाब की साफ-सफाई के साथ पानी को स्वच्छ रखने के लिए आवश्यक छिड़काव कराया जा रहा है। समिति के सदस्य श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटे हैं।
समिति के अध्यक्ष मुकेश प्रसाद सोनी ने बताया कि छठ महापर्व को लेकर सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। घाट की सफाई, पानी की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा समिति की प्राथमिकता है। प्रयास किया जा रहा है कि व्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूजा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
तैयारियों में परमानंद गुप्ता (मंटू), चंदन सोनी, रंजीत सोनी (मामा), संजीत सोनी, राजन सोनी, धनुषधारी प्रसाद और श्रावण सोनी सहित समिति के अन्य सदस्यों ने विशेष सहयोग किया।
इधर, छठ घाट पर सुरक्षा एवं व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पिठौरिया थाना प्रभारी सहाबीर उरांव ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समिति के सदस्यों से तैयारियों की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
समिति के सदस्यों ने सामूहिक प्रयास से नया तालाब घाट को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का संकल्प लिया है, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।






