Dehradun: गांव-ढाणी से लेकर स्वास्थ्य केंद्रों तक गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और टीकाकरण जैसी बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने वाली आशा वर्कर जब अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरती हैं। सीटू (CITU) से संबद्ध ‘उत्तराखंड आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री यूनियन’ के बैनर तले सैकड़ों आशा कार्यकर्ताओं ने हड़ताल करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय, चंदन नगर में जोरदार प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गईं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
18 से 20 नवंबर को सचिवालय पर होगा ऐतिहासिक महापड़ाव
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए यूनियन की प्रांतीय अध्यक्ष शिवा दुबे ने कड़े तेवर दिखाते हुए ऐलान किया कि आगामी 18, 19 और 20 नवंबर 2026 को सीटू के आह्वान पर उत्तराखंड सचिवालय पर एक विशाल ‘महापड़ाव’ डाला जाएगा। उन्होंने कहा कि इस महापड़ाव में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में आशा स्वास्थ्य कार्यकत्रियां भाग लेंगी और अपनी जायज मांगों के समर्थन में आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंकेगी।
प्रदर्शन में प्रमुख वक्ता और पदाधिकारी रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन और धरने में सीटू और आशा यूनियन के कई दिग्गज नेता व पदाधिकारी सक्रिय रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर सीटू के जिला उपाध्यक्ष भगवंत पयाल, सचिव हिमांशु चौहान, यूनियन की महामंत्री लोकेश देवी, कलावती चंदोला, सुनीता चौहान, राधा गुप्ता, मीना जखमोला, नीलम देवी, कल्पेश्वरी देवी, नैना राणा, सरिता नौटियाल, गीता राणा, नीरज यादव, कमला पाण्डेय, चमन शर्मा, और स्नेह लता समेत बड़ी संख्या में दूर-दराज से आईं आशा कार्यकत्रियां उपस्थित थीं।






