Patna: खेती किसानी की रीढ़ अगर समय पर मिलने वाला पानी है, तो बिहार के कई इलाकों में नहरों का सूख जाना और समय पर पानी न पहुंचना अन्नदाताओं के लिए किसी बड़े संघर्ष से कम नहीं रहा है। जहानाबाद, गया और नालंदा के इलाकों में किसानों की यह पुरानी पीड़ा अब दूर होती नजर आ रही है।
सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के अंतर्गत ‘कृषि में प्रगति, प्रदेश की समृद्धि’ के संकल्प को साकार करने के लिए उदेरास्थान सिंचाई परियोजना के पुनर्स्थापन एवं विस्तार को हरी झंडी मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना पर 53 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। जल संसाधन विभाग द्वारा तैयार किए गए 53 करोड़ 59 लाख 6 हजार 871 रुपये के इस प्रस्ताव को सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बीते मंगलवार को आयोजित कैबिनेट की बैठक में औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई।
महमुदा मुख्य नहर का विस्तार और जलवार नदी की सफाई
इस पूरी परियोजना के तहत महमुदा मुख्य नहर का दो किलोमीटर तक विस्तारीकरण किया जाएगा, साथ ही महमुदा शाखा नहर का पुनर्स्थापन और भारथु शाखा नहर में एक नए फॉल का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा, जलवार नदी से गाद (Silt) निकालने और अन्य आवश्यक संरचनाओं के निर्माण का कार्य भी युद्ध स्तर पर किया जाएगा।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान समय में जलवार नदी में भारी मात्रा में गाद जमा होने और पानी की कमी के कारण ‘निश्चलगंज वीयर सिंचाई योजना’ की क्षमता काफी प्रभावित हो रही थी। इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए उदेरास्थान बराज से निकलने वाली 3.75 किलोमीटर लंबी महमुदा मुख्य नहर के दो किलोमीटर हिस्से का विस्तार किया जाएगा। इसके जरिए फल्गु नदी के अतिरिक्त जल को जलवार नदी से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही, जलवार नदी के 0 से 16.80 किलोमीटर तक सिल्ट की निकासी कर वहां की सिंचाई व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा।
पहुंच पथ की मरम्मत और 6410 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा
योजना के दायरे में केवल नहरें ही नहीं, बल्कि उदेरास्थान बराज के दाहिने मुख्य मार्ग से लगभग 1200 मीटर लंबे पहुंच पथ (Approach Road) का पुनर्स्थापन और उसकी विशेष मरम्मत भी शामिल है, ताकि बरसात के दिनों में आने-जाने वाली बाधाओं को दूर किया जा सके। इसके अतिरिक्त, भारथु शाखा नहर के 15.50 किलोमीटर पर एक फॉल का निर्माण और महमुदा शाखा नहर के विभिन्न हिस्सों में बाएं तटबंध को मजबूत करने का काम होगा।
इस पूरी परियोजना के मुकम्मल होने पर कुल 6,410 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई की बिल्कुल नई सुविधाएं विकसित होंगी, जबकि 200 हेक्टेयर भूमि में पहले से मौजूद सिंचाई सुविधाओं को पुनर्जीवित (पुनर्स्थापित) किया जा सकेगा। इस योजना से मुख्य रूप से जहानाबाद, गया और नालंदा जिलों के हुलासगंज, खिजरसराय, इस्लामपुर, बेन और परवलपुर प्रखंडों के किसानों को सीधा और बड़ा लाभ मिलेगा।
भूगर्भ जलस्तर में सुधार और 18 माह का लक्ष्य
विशेषज्ञों का मानना है कि जलवार नदी में पर्याप्त जलश्राव उपलब्ध होने से आसपास के इलाकों का भूगर्भ जलस्तर (Groundwater Level) भी सुधरेगा। इसके अलावा, नदी से जुड़ी पारंपरिक पईनों और आहरों के माध्यम से भी सिंचाई का दायरा और अधिक विस्तारित होगा। जल संसाधन विभाग ने इस पूरी महत्वपूर्ण परियोजना को आगामी 18 महीनों के भीतर तय समयसीमा में पूरा करने का सख्त लक्ष्य निर्धारित किया है।







