Chandigarh: पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राजनीतिक जमीन टटोलने के लिए पिछले चुनावों के नतीजों का विश्लेषण करना बेहद अहम हो जाता है। बात अगर अमृतसर जिले की करें, तो साल 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने यहां शानदार और धमाकेदार प्रदर्शन किया था, जिससे कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (SAD) की दाल यहां नहीं गल पाई थी।
अमृतसर जिले के अंतर्गत कुल 11 विधानसभा सीटें आती हैं…अजनाला, राजा सांसी, मजीठा, जंडियाला (सुरक्षित), अमृतसर नॉर्थ, अमृतसर वेस्ट (सुरक्षित), अमृतसर सेंट्रल, अमृतसर ईस्ट, अमृतसर साउथ, अटारी (सुरक्षित) और बाबा बकाला (सुरक्षित)। आइए जानते हैं कि 2022 के चुनाव में इन सभी सीटों पर क्या राजनीतिक समीकरण रहे थे।
अमृतसर जिले की 11 सीटों का 2022 का चुनावी परिणाम
अजनाला: इस सीट पर ‘आप’ के प्रत्याशी कुलदीप सिंह धालीवाल ने 43,555 वोट पाकर जीत दर्ज की थी। उन्होंने अकाली दल के अमरपाल सिंह अजनाला को 7,843 वोटों के अंतर से हराया था, जबकि कांग्रेस के हरप्रताप सिंह अजनाला तीसरे स्थान पर रहे थे।
राजा सांसी: यह उन चुनिंदा सीटों में रही जहां कांग्रेस ने बाजी मारी। कांग्रेस के सुखबिंदर सिंह सरकारिया ने 46,872 वोट हासिल कर अकाली दल के वीर सिंह लोपोके को 5,474 वोटों से हराया था। ‘आप’ के बलदेव सिंह तीसरे नंबर पर रहे थे।
मजीठा: इस सीट पर शिरोमणि अकाली दल की प्रत्याशी गनीव कौर मजीठिया ने जीत हासिल की थी। उन्होंने ‘आप’ के सुखजिंदर राज सिंह मजीठिया (लाली) को 26,062 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी थी।
जंडियाला (सुरक्षित): यहां से आम आदमी पार्टी के हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने 59,724 वोट पाकर शानदार जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस के सुखविंदर सिंह बंडाला (डैनी) को 25,383 मतों के अंतर से हराया था।
अमृतसर उत्तर: इस सीट पर ‘आप’ के टिकट पर उतरे कुंवर विजय प्रताप सिंह ने बाजी मारी थी। उन्होंने अकाली दल के दिग्गज नेता अनिल जोशी को 28,318 मतों के बड़े अंतर से मात दी थी।
अमृतसर पश्चिम (सुरक्षित): यहां ‘आप’ के डॉ. जसबीर सिंह संधू ने 69,251 वोट प्राप्त कर कांग्रेस के कद्दावर नेता राज कुमार वेरका को 43,913 वोटों के विशाल अंतर से हराया था।
अमृतसर सेंट्रल: इस सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अजय गुप्ता ने जीत का परचम लहराया था। उन्होंने कांग्रेस के सीनियर लीडर ओम प्रकाश सोनी को 14,026 मतों से शिकस्त दी थी।
अमृतसर पूर्व: इस हाई-प्रोफाइल सीट पर ‘आप’ की जीवनजोत कौर ने शानदार जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रहे नवजोत सिंह सिद्धू को 6,750 वोटों के अंतर से हराया था। यहां अकाली दल के बिक्रम सिंह मजीठिया तीसरे स्थान पर रहे थे।
अमृतसर दक्षिण: यहां से ‘आप’ के प्रत्याशी डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने 53,053 वोट हासिल कर अकाली दल के तलबीर सिंह गिल को 27,503 मतों से हराया था।
अटारी (सुरक्षित): इस सीट पर आम आदमी पार्टी के जसविंदर सिंह ने 56,798 वोट पाकर अकाली दल के गुलजार सिंह रानीके को 19,794 वोटों के अंतर से हराया था।
बाबा बकाला (सुरक्षित): पिछले चुनाव में इस सीट से ‘आप’ के दलबीर सिंह टोंग विजयी रहे थे। उन्होंने कांग्रेस के संतोख सिंह भलाइपुर को 19,552 मतों के अंतर से पराजित किया था।







