फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

धामी मेले में 18 मिनट तक चली पत्थरबाजी, खून से हुआ मां भद्रकाली का तिलक

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के पास धामी के हलोग गांव में दिवाली के ठीक अगले दिन सदियों पुरानी 'पत्थर मेले' की परंपरा निभाई गई, जहां एक-दूसरे पर पत्थर बरसाए जाते हैं और खून से मां भद्रकाली का तिलक किया जाता है।
धामी पत्थर मेला शिमला

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

Shimla: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से लगभग 26 किलोमीटर दूर धामी के हलोग गांव में दिवाली के अगले दिन एक बेहद अनोखी और प्राचीन परंपरा को पूरे उत्साह के साथ निभाया गया। देश के बाकी हिस्सों में जहां दीपावली के बाद भाई दूज जैसे पर्वों की खुशियां मनाई जाती हैं, वहीं इस ऐतिहासिक गांव में पत्थरों की बरसात होती है। इस पारंपरिक मेले में दो अलग-अलग खूंदों (योद्धाओं की टोलियों) के बीच जमकर पत्थर फेंके जाते हैं। इस दौरान किसी के शरीर से खून निकलना हार या चोट नहीं, बल्कि सौभाग्य और मां भद्रकाली का विशेष आशीर्वाद माना जाता है।

इस बार दोनों पक्षों के बीच करीब 18 मिनट तक पत्थरबाजी का यह दौर चला। जैसे ही ‘जमोगी’ खूंद के रहने वाले महेश वर्मा को पत्थर लगा और उनके शरीर से खून बहा, वैसे ही पत्थरबाजी को तुरंत रोक दिया गया। इसके बाद परंपरा के मुताबिक उनके खून से मां भद्रकाली का रक्ततिलक किया गया। 9 नवंबर को हलोग गांव में इस पत्थर मेले की शुरुआत पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई थी। सबसे पहले धामी राजपरिवार की ओर से ग्राम देवता देव कुर्गुण और भगवान नरसिंह की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। सभी धार्मिक रस्में पूरी होने के बाद धामी राजपरिवार के प्रमुख जगदीप सिंह ने पहला पत्थर फेंककर इस अनूठे मेले का आधिकारिक आगाज किया।

नरबलि प्रथा के विरोध में शुरू हुई थी यह परंपरा

धामी के इस पत्थर मेले के इतिहास के पीछे एक बेहद रोचक और ऐतिहासिक कहानी जुड़ी हुई है। जानकारों के अनुसार, पुराने समय में इस क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए इंसानी बलि (नरबलि) देने की क्रूर प्रथा प्रचलित थी। धामी रियासत की एक रानी ने इस अमानवीय परंपरा का पुरजोर विरोध किया और नरबलि की कुप्रथा को बंद करवाकर उसकी जगह पत्थरबाजी के दौरान निकलने वाले मानव रक्त से देवी का तिलक करने की इस अनूठी परंपरा की शुरुआत की।

इस खेल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि जैसे ही किसी व्यक्ति को पत्थर लगने से खून निकलता है, यह आयोजन तुरंत समाप्त हो जाता है। इस मेले में हिस्सा लेने वाले लोग इसे किसी पुरानी दुश्मनी या बैर निकालने का जरिया नहीं मानते, बल्कि सदियों से चली आ रही विरासत को जीवित रखते हैं। राजदरबार में स्थित नरसिंह मंदिर के मुख्य पुजारी देवेंद्र कुमार भारद्वाज के अनुसार, इस परंपरा का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ कई सदियों से किया जा रहा है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram