रांची: राजधानी रांची के डोरंडा स्थित छप्पन सेठ कुम्हारटोली में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शुक्रवार शाम से लापता ढाई साल के मासूम अरनव का शव शनिवार सुबह नदी से बरामद किया गया। बच्चे का शव घर से करीब 500 मीटर दूर नदी किनारे मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शुक्रवार शाम से लापता था बच्चा
जानकारी के अनुसार, अरनव शुक्रवार शाम अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद डोरंडा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की। शनिवार सुबह NDRF की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान बच्चे का शव बरामद हुआ।
मौके पर पहुंची पुलिस और हटिया डीएसपी
शव मिलने की सूचना पर डोरंडा थाना की पुलिस और हटिया डीएसपी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हादसा या हत्या, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर बच्चे की मौत को हादसा माना जा रहा है, हालांकि हत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल की परिस्थितियों का जायजा ले रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अरनव की मौत कैसे हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।






