फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

स्कूटी सवार की मदद करने पहुंचे ग्रामीणों को ट्रेलर ने रौंदा, 7 की मौत से मचा हड़कंप

झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कर्रा थाना क्षेत्र के कोशांबी कॉलोनी के पास तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। हादसे में 7 लोगों की

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कर्रा थाना क्षेत्र के कोशांबी कॉलोनी के पास तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। हादसे में 7 लोगों की जान चली गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं।

मदद के लिए निकले ग्रामीणों पर चढ़ा ट्रेलर

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 10:15 बजे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण उसकी मदद के लिए पहुंचे। कुछ लोग झाड़ियों में फंसे स्कूटी सवार को निकालने में जुटे थे। वहीं, महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े थे।

तभी तोरपा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने वहां मौजूद लोगों को रौंद दिया। अचानक हुए इस हादसे से घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

हादसे में उजड़ गया एक परिवार

इस दुर्घटना में बिरसा नायक के परिवार को सबसे बड़ा झटका लगा है। उनकी पत्नी कसीला देवी, बेटी अंजलि कुमारी और एक वर्षीय नाती सौरभ नायक की मौत हो गई।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कसीला देवी, मान्दू देवी, अंजलि कुमारी, पाको देवी, तूती कुमारी, गोलू कुमार और सौरभ नायक के रूप में हुई है। वहीं, दो घायलों को खूंटी सदर अस्पताल और तोरपा सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

तीखा मोड़ और अंधेरा बना हादसे की वजह

घटना की सूचना मिलने पर खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग देर रात अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।

एसपी के मुताबिक, रेलवे फाटक के पास तीखा मोड़ और अंधेरा होने के कारण ट्रेलर चालक को सड़क किनारे मौजूद लोग दिखाई नहीं दिए। इसी वजह से यह दर्दनाक दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि घायल बच्ची खतरे से बाहर है।

ट्रेलर जब्त, चालक और खलासी की तलाश जारी

हादसे के बाद ट्रेलर चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है और दोनों की तलाश में छापेमारी कर रही है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। एक पल में मदद के लिए घरों से निकले ग्रामीणों की जिंदगी खत्म हो गई और कई परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया।

Read more : आज धनतेरस पर किस समय करें खरीदारी? यहां जानें पूरा शुभ मुहूर्त

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram