रांची : राजधानी रांची में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू हो गई है। रांची नगर निगम प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत शहर में 180 नए आवास बनाने जा रहा है। इसके लिए दो अलग-अलग जगहों का चयन किया गया है।
इसी सिलसिले में बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने वार्ड नंबर-02 के हातमा पहाड़ और वार्ड नंबर-29 के मधुकम-खादगढ़ा इलाके में प्रस्तावित निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए।
हातमा पहाड़ में बनेंगे 72 आवास
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि हातमा पहाड़ में जी+8 संरचना के दो ब्लॉक बनाए जाएंगे। इनमें कुल 72 आवास होंगे। प्रत्येक ब्लॉक में 36 मकान बनाए जाएंगे। इस परियोजना पर करीब 15.4 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
वहीं, मधुकम-खादगढ़ा इलाके में 194.90 डिसमिल जमीन पर जी+8 संरचना के तीन ब्लॉक बनाए जाएंगे। यहां कुल 108 आवासों का निर्माण प्रस्तावित है। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 22.4 करोड़ रुपये है।
दोनों परियोजनाओं के तहत बनने वाले प्रत्येक आवास में एक बेडरूम, बाथरूम, किचन और लिविंग रूम की सुविधा होगी।
ड्रेनेज और अन्य सुविधाओं का भी होगा इंतजाम
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना में केवल मकान बनाने पर ही ध्यान न दिया जाए, बल्कि वहां रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं भी मिलनी चाहिए।
उन्होंने दोनों स्थलों पर ड्रेनेज सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और जरूरी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। इसके अलावा स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए कम्युनिटी या पब्लिक टॉयलेट बनाने की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।
जरूरतमंद परिवारों को मिलेगा आवास
इस योजना का लाभ आवास से वंचित पात्र परिवारों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को दिया जाएगा। इसके अलावा अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान विस्थापित हुए जरूरतमंद परिवारों को भी योजना के नियमों के अनुसार आवास उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
रांची नगर निगम का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान देने के साथ बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार, सहायक अभियंता, नगर प्रबंधक और अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।





