गुमला: झारखंड राज्य आदिम जनजाति समन्वय समिति, गुमला के बैनर तले जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आदिम जनजाति समुदाय के लोगों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में असुर, बिरहोर, कोरवा समेत अन्य आदिम जनजाति समुदायों के लोगों ने भाग लिया।
इस दौरान समाज की वर्तमान स्थिति, सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक दशा के साथ-साथ भविष्य की दिशा पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आदिम जनजाति समुदाय आज भी कई तरह की चुनौतियों से जूझ रहा है। समाज के समग्र विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सरकारी योजनाओं का लाभ और संवैधानिक अधिकारों को लेकर सभी समुदायों को एकजुट होकर आवाज बुलंद करने की जरूरत है। वक्ताओं ने आपसी समन्वय और संगठन की मजबूती को समाज के विकास का आधार बताया। साथ ही समाज के बुद्धिजीवियों और युवाओं से आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में झारखंड राज्य आदिम जनजाति समन्वय समिति के मुख्य संयोजक बिमलचंद असुर, सह-संयोजक मडवारी बिरहोर, ज्योति बहेर, राजेश असुर, रामप्रसाद कोरवा, संरक्षक सोमरा असुर एवं मीना असुर, अजय कुमार, सुनीता असुर, लेम्बो असुर, सरिता असुर, सुखनी असुर, धीरज असुर आदिम जनजाति बटालियन सहित अन्य लोग उपस्थित थे।कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एवं गुमला के मुख्य संयोजक अनिल असुर ने सभी समुदायों से संगठित होकर समाज के उत्थान और अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।







