कामडारा (गुमला): दक्षिण-पूर्व रेलवे के रांची-राउरकेला रेलखंड स्थित पोकला रेलवे फाटक के समीप हाईट गेज निर्माण को लेकर ग्रामीणों का विरोध बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को निर्माण कार्य को लेकर विभागीय अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई, लेकिन दोनों पक्षों में सहमति नहीं बन सकी।
वार्ता के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि जिस स्थान पर फिलहाल हाईट गेज का निर्माण कराया जा रहा है, उसके सामने उनके घर और दुकानें हैं। निर्माण होने से घरों तक पहुंचने का रास्ता बाधित होगा। इससे रोजमर्रा के आवागमन के साथ दुकानों के कारोबार पर भी असर पड़ेगा। ग्रामीणों ने मांग की कि नए स्थान पर निर्माण कराने के बजाय पूर्व में बने हाईट गेज के स्थान पर ही दोबारा निर्माण कराया जाए।
वहीं, रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर गणेश प्रसाद ने कहा कि बातचीत में सामने आया है कि ग्रामीणों के बीच भी इस मुद्दे पर एकराय नहीं है। पुराने स्थान पर फाउंडेशन बनाने को लेकर भी कुछ लोगों ने आपत्ति जताई है। उन्होंने बताया कि विभाग रेलवे की जमीन के बजाय पीडब्ल्यूडी की जमीन पर निर्माण करा रहा है। रेलवे की जमीन से 15 से 20 फीट की दूरी पर हाईट गेज बनाने का निर्देश है।
इस पर ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि पीडब्ल्यूडी की जमीन पर निर्माण से पहले विभाग से एनओसी ली गई है या नहीं। उन्होंने कहा कि घर और दुकानों के सामने निर्माण होने से रास्ता प्रभावित होगा। ग्रामीणों ने मांग की कि पहले ग्रामसभा बुलाई जाए और सभी पक्षों की बात सुनने के बाद आपसी सहमति से निर्णय लिया जाए। फिलहाल निर्माण को लेकर गतिरोध बना हुआ है।
– रिपोर्टर: सुंदरम कुमार







