चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में बुधवार सुबह एक हाथी का शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र के टंकुरा बस्ती स्थित बुरमा टोली की है। जंगल के पास खेत में हाथी का शव पड़ा मिला। फिलहाल उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। वन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।
रात में गांव में घुसा था हाथियों का झुंड
ग्रामीण जॉन्सन पूर्ति ने बताया कि 3 नवंबर की शाम करीब 20 हाथियों का झुंड गांव में पहुंच गया था। इसकी जानकारी तुरंत वन विभाग को दी गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची।
इसके बाद गांव के लोगों ने खुद ही हाथियों को आबादी वाले इलाके से दूर भगाने की कोशिश की। ग्रामीण पूरी रात जागकर हाथियों पर नजर रखते रहे।
सुबह खेत में मिला मृत हाथी
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने बुरमा टोली के पास जंगल से सटे खेत में एक हाथी का शव देखा। इसकी खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि बड़ाजामदा और आसपास के गांवों में पिछले कई महीनों से हाथियों का झुंड लगातार घूम रहा है। इसके बावजूद हाथियों की निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
करंट या बीमारी से मौत की आशंका, जांच जारी
हाथी की मौत को लेकर बिजली का करंट लगने, बीमारी या किसी अन्य कारण की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी कारण की पुष्टि नहीं हुई है। बिना जांच के मौत की वजह बताना संभव नहीं है।
मामले की सूचना मिलने के बाद बुधवार सुबह वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद ही हाथी की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।





