रामगढ़: रामगढ़ के सिद्धू-कान्हू मैदान में होमगार्ड (गृह रक्षा वाहिनी) की बहाली प्रक्रिया जारी है। शनिवार सुबह 5 बजे से गोला प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हुई। जिला प्रशासन की देखरेख में अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच और दौड़ कराई जा रही है।
बहाली प्रक्रिया के तहत गोला प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थियों की दौड़ का आठवां राउंड सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। वहीं, नौवें राउंड की दौड़ कराने की तैयारी की जा रही है। अन्य अभ्यर्थियों को भी बारी-बारी से अगले राउंड के लिए तैयार किया जा रहा है।
सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से हो रही निगरानी
बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। पूरे परीक्षा परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मैदान में पेयजल, शेड, मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति में अभ्यर्थियों को तुरंत चिकित्सा सहायता दी जा सकेगी।
अफवाहों और बिचौलियों से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। साथ ही, बिचौलियों के झांसे में नहीं आने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी है।
प्रशासन का कहना है कि बहाली प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जा रही है, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के अनुसार मौका मिल सके।
read more ; जेटेट 2026: नकल की तो भरना होगा 5 लाख जुर्माना, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी






